कांग्रेस ने तुरुप का इक्का चला, जमानत तो बच गई पर इज्जत नहीं बचा पाई : अभिमन्यु

2/3/2019 10:18:47 AM

चंडीगढ़(बंसल): वित्त मंत्री कै. अभिमन्यु ने जींद उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के तीसरे नंबर पर रहने पर चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने तुरुप का इक्का चला था, जमानत तो बच गई लेकिन इज्जत नहीं बचा पाई। उन्होंने कहा कि नई बनी पार्टी जजपा ने अपनी नैया पार लगाने के लिए ऐसे व्यक्ति का साथ लिया, जो पानी के मसले पर पंजाब में अलग राय रखता है। जींद की जनता ने उन्हें भी सबक सिखाने का काम किया। कै. अभिमन्यु आज हरियाणा निवास में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। सांसद राजकुमार सैनी पर भी कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के एक सांसद ने नई पार्टी बनाई और जातिवाद का जहर घोलकर वोट मांगा लेकिन जनता ने जातिवाद की राजनीति को नकार दिया। इसी तरह इनैलो का चश्मा माइक्रोस्कोप से भी दिखाई नहीं दिया और इस पार्टी की सामंतवादी सोच को नकारा गया। 

उन्होंने कहा कि जींद उपचुनाव के नतीजों से साफ हुआ कि लोग जातिवाद नहीं, बल्कि विकास के मुद्दे को अपना रहे हैं। इस चुनाव में भाजपा शहर के साथ गांवों में भी आगे रही है। विपक्षी दलों द्वारा ई.वी.एम. के दुरुपयोग के आरोपों पर उन्होंने कहा कि नतीजों के बाद विपक्ष ने नाच न जाने-आंगन टेड़ा की तर्ज पर कभी चुनावी मशीनरी के दुरुपयोग का तो कभी ई.वी.एम. पर दोष मढ़ा। उन्होंने कहा कि रस्सी जल गई लेकिन बल नहीं गया। यानी विपक्ष का अहंकार अभी भी खत्म नहीं हुआ है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस मसले पर मुख्यमंत्री ने जो कहा है, मैं भी उसी में शामिल हूं। पंजाब में गठबंधन के सवाल पर कै. अभिमन्यु ने कहा कि अकाली-भाजपा का मजबूत गठबंधन है और यह राष्ट्रहित में है।

Deepak Paul