भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस की बनेगी सरकार, बदमाशों और अपराध पर कसी जाएगी नकेल: राजेंद्र सिंह जून

punjabkesari.in Saturday, Sep 28, 2024 - 02:06 PM (IST)

बहादुरगढ़ (प्रवीण धनखड़): हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 का प्रचार अभियान अपने अंतिम चरण में है। सभी प्रत्याशी जोर शोर से प्रचार कर रहे हैं। इसकी कड़ी में बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र सिंह जून भी चुनाव प्रचार  कर रहे हैं। आज राजेंद्र सिंह जून ने शहर की सब्जी मंडी में व्यापारियों से वोट की अपील की। जनसभा में पहुंचने पर व्यापारियों ने राजेंद्र सिंह जून का फूल मालाओं, पगड़ी और गदा भेंट करके जोरदार स्वागत किया।

बीजेपी शासन काल में हरियाणा का विकास कार्य रूका 
राजेंद्र सिंह जून ने दावा किया है कि इस बार प्रदेश में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। राजेंद्र सिंह जून का कहना है कि कांग्रेस की सरकार बनते ही सबसे पहले बदमाशों और अपराध पर नकेल कसने का काम किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 10 साल के भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में प्रदेश में विकास कार्य रुके हुए थे।

 कांग्रेस की सरकार बनी तो मेट्रो रोहतक तक पहुंचाएगे
उन्होंने कहा कि  कांग्रेस की सरकार बनते ही विकास कार्यों की एक बार फिर से झड़ी लग जाएगी। राजेंद्र सिंह जून का कहना है कि कांग्रेस की सरकार बनते ही बहादुरगढ़ मेट्रो रेल को रोहतक तक पहुंचाने का काम किया जाएगा। राजेंद्र सिंह का कहना है कि बहादुरगढ़ के स्थानीय व्यापारी और दुकानदार चाहते हैं कि हरियाणा में चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बने। ताकि जिस तरह से कांग्रेस कार्यकाल में हरियाणा में रामराज्य स्थापित हुआ था। उसी तरह एक बार फिर से शांति और सौहार्द बना सके।

गौरतलब है कि बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र सिंह जून बहादुरगढ़ से तीन बार विधायक चुने जा चुके हैं। कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर से राजेंद्र सिंह जून को अपना प्रत्याशी बनाकर चुनावी मैदान में उतारा है। राजेंद्र सिंह जून को जनता का भी भारी समर्थन और सहयोग मिल रहा है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static