कांग्रेस ने राजमहलों से गरीब की झोंपड़ी तक पहुंचाई राजनीति: रणदीप सुरजेवाला

2/20/2022 10:10:23 AM

कलायत : कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि पंजाब की राजनीति को राजमहलों से गरीब की झोंपड़ी में ले जाने का ऐतिहासिक कार्य कांग्रेस ने किया। मजदूर के बेटे चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब के मुख्यमंत्री की कमान सौंपना इसका जीता जागता उदाहरण है। जबकि भाजपा ने निरंतर कांग्रेस पर दबाव बनाने के विफल प्रयास किए हैं।

इस तरह सुरजेवाला एक तीर से भाजपा के साथ-साथ पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह पर निशाना साधा। वे कलायत में कांग्रेस नेता विनोद निर्मल के आवास पर पत्रकारवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इतिहास इस बात का साक्षी है कि कांग्रेस ने हमेशा 36 बिरादरी के हितों को लेकर आवाज बुलंद की है इसलिए उत्तराखंड, पंजाब, गोवा व मणिपुर कांग्रेस सरकार बनाएगी। उत्तर प्रदेश में भाजपा जाएगी और सरकार बनाने में कांग्रेस की बड़ी भूमिका होगी।

सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा द्वारा निरंतर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ साजिश रची जा रही है। लेकिन हम न झुकेंगे, न डरेंगे और न दबेंगे। इस प्रकार के षड्यंत्रों को कांग्रेस जनता के साथ और विश्वास से नाकाम करने का काम करेगी। हरियाणा प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विकास के जो ढोल पीटे हैं उनकी पोल खुल चुकी है। जनता को सुविधाएं मिलने की बजाय समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्वयं मुख्यमंत्री के गृह निर्वाचन क्षेत्र की सड़कों के हालात बद से बदतर हैं। पांच राज्यों के चुनाव परिणाम भाजपा को हकीकत का आइना दिखाने का काम करेंगे। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

Manisha rana