कांग्रेस का अंदरुनी विवाद बढ़ा, गुटबाजी के मुद्दे पर प्रभारी से मिलेंगे 4 विधायक

4/12/2017 11:45:43 AM

सोनीपत (दीक्षित):हरियाणा कांग्रेस में चल रहा अंदरुनी विवाद लगातार बढ़ रहा है। हुड्डा खेमे के विधायकों ने प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हाल ही में जहां हरियाणा के 2 विधायक प्रदेश प्रभारी कमलनाथ से मिलकर अशोक तंवर को हटाने की सिफारिश कर चुके हैं, वहीं अब हरियाणा के 4 एस.सी. विधायकों ने अशोक तंवर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। चारों विधायकों ने अशोक तंवर पर प्रदेश में मनमानी करने का आरोप लगाते हुए प्रदेश प्रभारी कमलनाथ से मिलने का मन बनाया है। जो 4 विधायक कमलनाथ से मिलने जा रहे हैं उनमें पूर्व मंत्री गीता भुक्कल के अलावा जयबीर वाल्मीकि, उदयभान, शकुंतला खटक शामिल हैं। इन विधायकों का आरोप है कि जिन लोगों ने चुनाव में खुलकर कांग्रेस प्रत्याशियों का विरोध किया था, उन्हींं के घरों पर प्रदेशाध्यक्ष बैठकें कर रहे हैं और उन्हें पार्टी में तवज्जो दे रहे हैं।

विधायकों ने बताया कि प्रदेश में गुटबाजी के कारण पार्टी की छवि लगातार धूमिल हो रही है और प्रदेशाध्यक्ष इस मसले को सुलझाने की बजाय लगातार उलझाते जा रहे हैं। विधायकों ने बताया है कि प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर गुटबाजी को बढ़ावा दे रहे हैं। उनकी बचकाना हरकतों से कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं में रोष है। 
बता दें कि हाल ही में पूर्व स्पीकर एवं गन्नौर विधायक कुलदीप शर्मा, राई विधायक जयतीर्थ दहिया, करण दलाल, जगबीर मलिक प्रदेश प्रभारी कमलनाथ से मिल चुके हैं। इन विधायकों ने प्रदेशाध्यक्ष को बदलने की मांग की थी। वहीं, अब 4 एस.सी. विधायक कमलनाथ से मिलने का निर्णय ले चुके हैं और राहुल गांधी से मिलने का समय ले रहे हैं। माना जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर अब आर-पार की लड़ाई शुरू हो चुकी है।