तिरंगा यात्रा के विरोध में नहीं है कांग्रेस- गीता भुक्कल

8/6/2022 5:17:25 PM

चरखी दादरी(नरेंद्र): हरियाणा की पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल ने कहा कि कांग्रेस तिरंगा यात्रा के विरोध में नहीं है, बल्कि कांग्रेस ने तो हमेशा तिरंगे का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे देश की शान है। इसलिए बीजेपी द्वारा कांग्रेस पर तिरंगे का अपमान करने का जो आरोप लगाया जा रहा है, वह पूरी तरह निराधार है।
 

गीता भुक्कल शनिवार को चरखी दादरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान ने उन्हें यहां जिला प्रभारी बनाकर भेजा है। इस मौके पर उन्होंने  कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर‌ विस्तार से चर्चा की। भुक्कल ने बताया कि कांग्रेस द्वारा आजादी की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर 9 अगस्त से 75 किलोमीटर की गौरव यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी है।

 

गीता भुक्कल ने कहा कि लगातार बढ़ रही बेरोजगारी और आसमान छूती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस द्वारा देशभर में प्रदर्शन किया जा रहा है। कांग्रेस धरना प्रदर्शन कर सरकार से सवाल कर रही है, लेकिन सत्ता के नशे में चूर भाजपा को गरीब का दुख दर्द नहीं दिखता। इसलिए भाजपा  की जनविरोधी नीतियों के विरोध में कांग्रेस द्वारा भारत जोड़ो यात्रा का आयोजन किया जाएगा, ताकि लोगों के समस्याओं और मुद्दों को उठाया जा सके। उन्होंने कहा कि आम जनता भी कांग्रेस की इस पहल के साथ जुड़कर अपने हकों के लिए आवाज उठाएगी।

 

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भीबस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Gourav Chouhan