अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कांग्रेस ने की महिला चौपाल की शुरूआत, फ्री दी जाएगी कानूनी मदद

3/8/2018 3:36:15 PM

रोहतक(दीपक भारद्वाज): अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस रोहतक स्थित कांग्रेस भवन में महिला कांग्रेस ने महिला चौपाल योजना की शुरूआत की। जिसमें सभी जिलों में महिलाओं को कानूनी मदद देने के लिए चौपालों का आयोजन किया जाएगा। अगले 3 महीने में प्रदेश के सभी 22 जिलों में इसकी शुरूआत कर दी जाएगी। साथ ही महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्रा चौहान ने केंद्र सरकार से मांग की कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का बिल लेकर आए। कांग्रेस पार्टी बिल का समर्थन करेगी और जब तक यह आरक्षण लागु नहीं हो जाता, तब तक महिला कांग्रेस लड़ाई लड़ती रहेगी।

कांग्रेस पार्टी की महिला विधि प्रकोष्ठ प्रदेश प्रभारी महिमा सिंह ने बताया कि महिला दिवस पर महिला कांग्रेस महिला चौपाल की शुरूआत वो आज रोहतक से कर रही है। इसका उद्देश्य उन महिलाओं की सहायता करना है जोकि किसी भी अभाव के चलते कानूनी सहायता नही ले पाती। महिलाओं के अधिकारों को उठाने की कांग्रेस पार्टी की यह शुरूआत है। अगले तीन महिने में प्रदेश के सभी जिलों में इसकी शुरूआत हो जाएगी। इसमें कुछ कानून मित्र रहेंगी, जिनसे महिलाएं बेझिझक अपनी बात कह सकती है। उन्होंने बताया कि जो भी कानूनी सहायता होगी वह बिलकुल फ्री दी जाएगी।

वहीं महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्रा चौहान का कहना है कि भले ही महिला दिवस मनाए जाते हैं, लेकिन आज भी महिलाओं को पूरे अधिकार प्राप्त नहीं हुआ हैं। जिसमें एक अधिकार राजनीति में 33 प्रतिशत महिलाओं की भागेदारी भी है। इसके लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संसद में बिल लाने की मांग करती हैं और कांग्रेस पार्टी इस बिल का समर्थन करेंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जब तक ये अधिकार महिलाओं को नहीं मिल जाएगा, तब तक महिला कांग्रेस अपनी लड़ाई जारी रखेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने आश्वासन दिया है कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा प्रतिनिधित्व देगी।