कांग्रेस नेता व न.प. के पूर्व चेयरमैन से मांगी 50 लाख की चौथ, व्हाट्सएप कॉल के जरिए की डिमांड

11/21/2020 9:51:25 AM

बहादुरगढ़ : कांग्रेसी नेता एवं नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन रवि खत्री से 50 लाख रुपए की चौथ मांगे जाने का मामला सामने आया है। पूर्व चेयरमैन द्वारा इस संबंध में थाना लाइनपार में शिकायत दे दी गई है।  लाइनपार निवासी रवि खत्री ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पहले नगर परिषद के चेयरमैन रहे हैं और वर्तमान में वार्ड नंबर-5 से पार्षद हैं।

बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े 6 बजे उनके मोबाइल पर व्हाट््सएप कॉल आई। कॉलर ने अपने आपको अशोक प्रधान निलोठिया बताया। शिकायतकर्ता के अनुसार कॉलर ने कहा कि मदद चाहिए, हमारे आदमी भी आपके परिचित हैं। भाईचारे में करेगा या विरोध करेगा। मैं बोला क्या चाहिए, तो वह बोला 50 लाख रुपए चाहिए। भाईचारे में कम भी हो सकते हैं मगर नहीं दिए तो तेरी जगह चेयरमैन कोई और बनेगा और फोन काट दिया। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने धमकी भरे लहजे में बात कही है और उससे 50 लाख रुपए चौथ के रूप में मांगे गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

‘जल्द सुलझाया जाएगा मामला : एस.एच.ओ. ’
थाना लाइनपार प्रबंधक उप निरीक्षक कर्मबीर ने बताया कि नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन की शिकायत पर इस सम्बंध में केस दर्ज कर लिया है। जिस नंबर से व्हाट््सएप कॉल हुई है। उसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही पूरा मामला सुलझा लिया जाएगा। 
 

Isha