तरुण भंडारी की मध्यस्ता में बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ज्वाइन करेंगे भाजपा, मनोहर लाल दिलाएंगे सदस्यता

4/3/2024 9:17:11 PM

चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरणी): लोकसभा चुनावों की नजदीकियों को देख भारतीय जनता पार्टी ने विपक्षियों की चारों तरफ से मोर्चाबंदी करनी ओर तेज कर दी है। लगातार अन्य दलों के नेताओं का भाजपा में शामिल करवाने का दौर स्पीड पकड़ रहा है। वीरवार को बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा अपने सैकड़ो साथियों सहित भाजपा का दामन थाम लेंगे। सूत्रों के अनुसार उनके साथ कई ओर बड़े पदाधिकारी भी कांग्रेस का त्याग कर भाजपा के झंडे तले खड़े दिखाई देंगे। यह भाजपा के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी और कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका। इस पूरी कहानी की पटकथा हरियाणा सरकार के पब्लिसिटी एडवाइजर तरुण भंडारी द्वारा लिखी गई है। इस मौके पर तरुण भंडारी भी मौके पर मौजूद होंगे और इसका कार्यक्रम दिल्ली में रखा गया है। यह भाजपा के लिए एक बड़ी जॉइनिंग होगी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल इन सभी साथियों को सदस्यता दिलवाएंगे। आगामी चुनावों में इस उलटफेर का बड़ा लाभ भारतीय जनता पार्टी को होना तय है।

नवीन जिंदल, सावित्री जिंदल, अशोक तंवर समेत 4 दर्जन बड़े चेहरों को भंडारी भाजपा करवा चुके हैं जॉइन

बता दें कि तरुण भंडारी कांग्रेस के बेहद मजबूत कार्यकर्ता रह चुके हैं और संगठन के विभिन्न पदों के दायित्वों का निर्वहन बड़ी सूझबूझ से करते रहे हैं। कांग्रेस पार्टी में इनकी एक मजबूत पकड़ थी, जिस कारण से विभिन्न प्रदेशों के नेता कार्यकर्ताओं की एक बड़ी संख्या इनसे निजी तौर पर जुड़ी हुई है। जिसका सीधा लाभ अब भारतीय जनता पार्टी को मिल रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के बेहद विश्वास पात्र तरुण भंडारी कई बड़े नेताओं को कांग्रेस से भाजपा में शामिल करवाने की भूमिका निभा चुके हैं। इससे पहले पूर्व मंत्री कृष्ण हुड्डा, पूर्व डिप्टी स्पीकर आजाद सिंह, असन्ध से कांग्रेस के विधायक रहे जिले राम शर्मा, इंद्री से विधायक का चुनाव लड़ चुके प्रदीप कांबोज, नीलोखेड़ी से विधानसभा चुनाव लड़ चुके ज्ञानचंद ओढ़ समेत कई पूर्व विधायकों एवं चुनाव लड़ चुके उम्मीदवारों को भारतीय जनता पार्टी में शामिल करवाने का क्रेडिट तरुण भंडारी को जाता है।

इसके समेत कई सरपंचों, पूर्व सरपंचों, ब्लॉक समिति सदस्यों, बड़े-बड़े उद्योगपतियों, अधिवक्ताओं समेत हजारों कार्यकर्ताओं को भाजपा के साथ तरुण भंडारी जोड़ चुके हैं। हाल ही में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर का भाजपा में आना भी भंडारी के कारण ही संभव हो पाया है। साथ ही पूर्व सांसद नवीन जिंदल - सावित्री जिंदल भी भंडारी की मध्यस्थता के कारण भाजपा में शामिल हो पाए। आने वाले समय में भी भंडारी भाजपा के लिए बड़े फायदे का सौदा साबित होंगे। यह कांग्रेस पार्टी में प्रदेश कोषाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर रहे। भंडारी आज भाजपा के लिए बेहद लाभप्रद साबित हो रहे हैं।

हिमाचल में 6 कांग्रेसी व 3 निर्दलीय विधायकों से दिलवाई भाजपा को वोट

भंडारी बेहद सटे- मंजे खिलाड़ी है या यूं कहें कि एक स्टीक गेम चेंजर है। कुछ दिन पहले हिमाचल की राजनीति में हुए घटनाक्रम के पीछे भी तरुण भंडारी माने जा रहे हैं। हिमाचल के 6 कांग्रेस व 3 निर्दलीय विधायकों द्वारा भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हर्ष महाजन के पक्ष में वोट डाला गया था और उसके बाद वह सभी विधायक चंडीगढ़ के होटल ललित में कई दिन तक ठहरे थे। माना जा रहा है कि उनके वोट डलवाने और फिर उनके रहने- खाने व अन्य सुविधाओं के प्रबंधन का जिम्मा भी तरुण भंडारी द्वारा लिया गया था। उसके बाद यह सभी विधायक माता मनसा देवी के दर्शन हेतु भी पहुंचे थे  उस दौरान भी भंडारी उनके साथ साथ थे। भारतीय जनता पार्टी के प्रति निष्ठा और समर्पण भाव को देख ही भंडारी आज पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के बेहद विश्वासपात्र है। भंडारी हर मौके पर उम्मीदों से कहीं अधिक परिणाम देकर अपनी क्षमता और काबिलियत को साबित कर चुके हैं।

 (हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Saurabh Pal