चुनाव नजदीक आते ही लोगों को मुद्दे से भटकाती है भाजपा- कुमारी शैलजा

2/24/2024 6:29:41 PM

गुड़गांव, (ब्यूरो):  भाजपा से आज हर कोई खफा है। भाजपा सरकार केवल झूठ की राजनीति करती है और चुनाव नजदीक आते ही लोगों को उनके मुद्दों से भटकाती है। लोगों को रोजगार देने की बात हो या महंगाई कम करने की बात हो हर किसी को गारंटी दी जा रही है, लेकिन यह गारंटी भी झूठी है। यह बात कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी शैलजा ने कही।

गुड़गांव की खबरों के लिए इस लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

वे आज भोंडसी में आयोजित सत्ता परिवर्तन रैली को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करने पहुंची थी। रैली में उन्होंने भाजपा के खिलाफ जमकर कटाक्ष किए। उन्होंने कहा कि आज हर व्यक्ति जान चुका है कि भाजपा केवल झूठ का सहारा लेकर आगे बढ़ना चाहती है और जल्द ही लोकसभा चुनाव में लोग कांग्रेस को अपने विकल्प के रूप में चुनकर सत्ता पर काबिज करेंगे। उन्होंने कहा कि रैली में उमड़ा जोश साफ कर रहा है कि हर कोई कांग्रेस की नीतियों को अपनाना चाहता है और झूठ का दामन लेकर चल रही भाजपा को जड़ से उखाड़ फेंकना चाहता है।

 

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर लोगों से मिल रहा है और चुनाव में जनता ही अब सत्ता परिवर्तन करके जवाब देगी। वहीं, कांग्रेस में संगठन न होने की बात पर उन्होंने कहा संगठन न होने के बावजूद भी हर कांग्रेस कार्यकर्ता धरातल पर कार्य कर रहा है और अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में पीछे नहीं हट रहा है। जल्द ही संगठन भी बन जाएगा।

 

सत्ता परिवर्तन रैली के आयोजक सोहना विधानसभा से चुनाव की तैयारी कर रहे कांग्रेस नेता कुलदीप गुर्जर ने कहा कि युवाओं का जोश बता रहा है कि पूरा क्षेत्र उनके साथ है। आने वाला समय कांग्रेस का है। हर कोई भाजपा की नीतियों से तंग आ चुका है। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में जनता कांग्रेस को ही सत्ता पर काबिज करेगी।

 

कार्यक्रम में पहुंची राष्ट्रीय महासचिव का स्वागत फूल वर्षा से किया गया। वहीं, पगड़ी बांधकर व माला डालकर स्वागत किया। कार्यक्रम में पहुंची कुमारी शैलजा ने स्टेज पर जाने से पहले यहां मौजूद महिलाओं से मुलाकात की। इस दौरान कई लोगों ने कांग्रेस का दामन थामा है।

Content Editor

Pawan Kumar Sethi