जन संवाद में हंगामे की आशंका के चलते कांग्रेस नेता व सरपंचों को पुलिस ने किया नजरबंद

5/15/2023 5:19:59 PM

सिरसा (सतनाम सिंह) :  मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर इन दिनों प्रदेश में के विभिन्न जिलों में जाकर जनसंवाद कर रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री का जन संवाद विवादो से घिरता नजर आ रहा है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री के जनसंवाद कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दो बार हंगामा कर दिया था। वहीं अब सिरसा में जनसंवाद के तीसरे दिन सरपंचो द्वारा सीएम का विरोध किए जाने की आशंका के चलते सिरसा और डबवाली में सरपंचों को नज़रबंद कर दिया गया है। इसके साथ ही सिरसा के एक स्थानीय कांग्रेस नेता को उनके ही कार्यालय में नजरबन्द किया गया है।

दरअसल कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा सिरसा की समस्याओ को लेकर सीएम मनोहर  को एक ज्ञापन सौंपना चाहते थे। जिसके लिए सिरसा के कांग्रेस भवन में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग करने वाले थे, लेकिन घर से निकलते ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर उनके ही कार्यालय में नजरबन्द कर दिया।

राजकुमार शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वो सिरसा की स्थानीय समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल को एक ज्ञापन सौंपना चाहते थे। जिसके लिए उन्होंने कांग्रेस भवन में एक मीटिंग रखी थी। लेकिन वहां जाने से पहले ही उन्हें नज़रबंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनसंवाद नहीं लट्ठ संवाद कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के जन संवाद में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री केवल अपने कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं। दूसरा कोई जाता है तो उसकी कोई सुनवाई नहीं होती। उन्होंने कहा कि उन्हें कांग्रेस भवन तक जाने नहीं दिया गया जो कि सरासर निंदनीय है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Saurabh Pal