कांग्रेस ने स्वार्थ के लिए देश व समाज को छोड़ा पीछे : मनोहर लाल

10/31/2020 8:22:29 AM

रोहतक : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आजादी मिलने के बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने कहा था कि अब कांग्रेस को खत्म कर दिया जाए ताकि नए-नए दलों को राजनीति करने के अवसर दिए जाएं लेकिन कांग्रेस के तत्कालीन नेताओं ने महात्मा गांधी की बात नहीं मानी और परिवारवाद को बढ़ावा दिया। यह बात मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को रोहतक सिंचाई विश्राम गृह में मीडिया कर्मियों से अनौपचारिक बातचीत करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्र व समाज सर्वोपरि है लेकिन कांग्रेस में व्यक्तिवाद व वंशवाद है। कांग्रेस के नेता स्वयं को प्राथमिकता देते हैं और देश व समाज को पीछे रखते हैं। मुख्यमंत्री ने पी.जी.आई. में जाकर उपचाराधीन अपने चाचा का कुशलक्षेम भी जाना। 

छात्रा हत्या मामले में कहा- 2 घंटे में अपराधियों को पकड़ा
बल्लभगढ़ की छात्रा की हत्या के मामले में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 घंटे के भीतर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने इसे एक घिनौना अपराध बताते हुए कहा कि दोषियों को सख्त दंड दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में जिसकी भी संलिप्ता पाई जाएगी उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।  इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाया जाएगा।

Manisha rana