दुष्यंत चौटाला के समर्थन में उतरे कांग्रेस विधायक अरोड़ा, इंस्पेक्टर को निलंबित करने की उठाई मांग

punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 07:13 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र के थानेसर से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने देश और प्रदेश की सियासत पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर खरीद-फरोख्त की राजनीति करने का आरोप लगाया, साथ ही दलबदल करने वाले नेताओं पर भी सवाल उठाए। इसी दौरान उन्होंने दुष्यंत चौटाला और सीआईए इंस्पेक्टर के बीच चल रहे विवाद में दुष्यंत चौटाला का समर्थन किया।

लोकतंत्र पर खतरे का आरोप
मीडिया से बातचीत में अशोक अरोड़ा ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर किया जा रहा है। उनका आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी जिस तरह से विधायकों की खरीद-फरोख्त कर रही है, उससे लोकतंत्र मजाक बनकर रह गया है। उन्होंने कहा कि यह ‘एक राष्ट्र, एक पार्टी’ की सोच को आगे बढ़ाने की कोशिश है।

राघव चड्ढा को दिया इस्तीफे का संदेश
अरोड़ा ने आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने ‘दम घुटने’ की बात कही थी। अरोड़ा ने कहा कि अगर वास्तव में ऐसा था, तो उन्हें सबसे पहले अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए था। राज्यसभा सदस्य बनाना पार्टी का फैसला था, ऐसे में नैतिकता के आधार पर पहले इस्तीफा देना जरूरी था।

प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी और पार्टी बदलने पर उठाए सवाल
अरोड़ा ने कहा कि बिना इस्तीफा दिए पार्टी बदलना लालच को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन नेताओं पर पहले जांच एजेंसियों की कार्रवाई होती है, वही बाद में भारतीय जनता पार्टी में शामिल होकर ‘साफ’ हो जाते हैं। उन्होंने एक ऐसे सांसद का भी जिक्र किया, जिस पर 10 दिन पहले प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी हुई थी।

क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों पर सख्त रुख
हरियाणा में क्रॉस वोटिंग के मुद्दे पर अरोड़ा ने कहा कि यदि कोई विधायक पार्टी छोड़ना चाहता है, तो पहले अपने पद से इस्तीफा दे। फिर जनता के बीच जाकर चुनाव लड़े, तभी असली समर्थन का पता चलता है। उन्होंने क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों से भी इस्तीफा देने की मांग की।

दुष्यंत चौटाला के समर्थन में उतरे
हाल ही में पुलिस इंस्पेक्टर से जुड़े विवाद पर अरोड़ा ने दुष्यंत चौटाला का समर्थन करते हुए कहा कि बिना वर्दी कार्रवाई करना गलत है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर किसी को सुरक्षा दी गई है और उसके साथ इस तरह का व्यवहार होता है, तो यह गंभीर मामला है। संबंधित इंस्पेक्टर पर कार्रवाई होनी चाहिए।  

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)                    

 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static