कांग्रेस विधायक चन्द्रमोहन ने राम बिलास शर्मा का जाना हालचाल

punjabkesari.in Sunday, Jun 07, 2026 - 09:38 AM (IST)

 चंडीगढ़ (धरणी) : हरियाणा की राजनीति में सौहार्द और व्यक्तिगत संबंधों की एक सकारात्मक तस्वीर उस समय देखने को मिली, जब कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक व पूर्व उप मुख्यमंत्री चन्द्र मोहन ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री राम बिलास शर्मा  से भेंट कर उनके स्वास्थ्य और कुशलक्षेम की जानकारी ली।

गौरतलब है कि राम बिलास शर्मा इन दिनों अस्वस्थ चल रहे हैं। चन्द्रमोहन ने उनसे मुलाकात कर शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की तथा उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। राम बिलास शर्मा हरियाणा भाजपा के सबसे वरिष्ठ, अनुभवी और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। वर्ष 2014 में जब भाजपा ने पहली बार अपने दम पर हरियाणा में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी, उस समय वे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के पद पर थे। उनके नेतृत्व में भाजपा ने प्रदेश की राजनीति में नया इतिहास रचा था।

राजनीतिक जीवन में राम बिलास शर्मा का लंबा अनुभव रहा है। वर्ष 2014 से पहले जब भी हरियाणा में भाजपा गठबंधन सरकारों का हिस्सा बनी, तब-तब उन्होंने कैबिनेट मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वहीं 2014 में भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनने के बाद भी उन्हें मंत्रिमंडल में अहम स्थान मिला और उन्होंने शिक्षा सहित कई महत्वपूर्ण विभागों का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया।

राजनीतिक मतभेदों के बावजूद चन्द्रमोहन द्वारा राम बिलास शर्मा के स्वास्थ्य का हालचाल जानने पहुंचना इस बात का संकेत है कि लोकतंत्र में व्यक्तिगत संबंध और मानवीय संवेदनाएं दलगत राजनीति से कहीं ऊपर होती हैं। दोनों नेताओं की यह मुलाकात राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बनी हुई है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)               


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

static