विधानसभा चुनाव की तैयारियों में कांग्रेस, 7 जनवरी को निकालेंगे ''विकल्प रैली''

1/5/2018 5:25:33 PM

फरीदाबाद(अनिल राठी): विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने अभी से कमर कसनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में आगामी 7 जनवरी को फरीदाबाद के सेक्टर 12 स्थित सेंट्रल ग्रीन पार्क में कांग्रेस पार्टी द्वारा 'विकल्प रैली' का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत करेंगे। इस रैली का आयोजन कांग्रेस के प्रवक्ता विकास चौधरी द्वारा किया जा रहा है। माना जा रहा है कि इस रैली के माध्यम से विकास चौधरी फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र से आगामी चुनाव के लिए अपनी दावेदारी करने जा रहे है।

उल्लेखनीय है कि आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर तंवर गुट अब हरियाणा में सक्रीय हो गया है। जिसके तहत बीती 1 जनवरी को फतेहाबाद में रैली की गई थी और अब 7 जनवरी को फरीदाबाद में रैली का आयोजन होगा।

रैली के आयोजक कांग्रेस प्रवक्ता विकास चौधरी ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर का मानना है कि वर्ष 2018 कांग्रेस के लिए संघर्ष का समय है और पार्टी इसे प्रदेश में संघर्ष के रूप में देख रही है। इस पूरे साल में कांग्रेस द्वारा प्रदेश में ताबड़तोड़ धरने प्रदर्शन और रैलियां की जाएंगी। उन्होंने कहा की तंवर ने राहुल गांधी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के उपलक्ष्य में यह मुहीम शुरू की है और इसी कड़ी के तहत फरीदाबाद में रैली का आयोजन होगा जिसमें फरीदाबाद जिले की तमाम समस्याओं को उठाया जाएगा। 

विकास चौधरी ने कहा कि आज आम आदमी पूरी तरह से त्रस्त है। स्मार्ट सिटी के नाम पर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी के नाम पर आने वाला फंड कहीं भी खर्च नहीं किया जा रहा। यहां तक कि कांग्रेस के राज में जो काम हुए थे उन परियोजनाओं के नाम बीजेपी द्वारा बदले जा रहे हैं। बीजेपी सिर्फ फीता काटने का काम कर रही है। अपराध और बेरोजगारी लगातार बढ़ती जा रही है और लोग दुखी होकर कांग्रेस की शरण में आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया की रैली में भारी संख्या में लोग आएंगे। हालांकि इस रैली का आयोजन वह कर रहे हैं लेकिन साथ ही साथ वह फरीदाबाद विधानसभा से टिकट की दावेदारी भी करेंगे।