हरियाणा: कांग्रेस ने चलाई #SpeakUpForJobs मुहिम, जानिए किस नेता ने क्या कहा

9/10/2020 4:07:58 PM

डेस्क: रुकी हुई भर्तियों की बहाली, नई नौकरी की मांग को लेकर बेरोजगार युवाओं की मुहिम को लगातार राजनीतिक दलों का समर्थन मिल रहा है। इसी बीच देश सहित प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी को लेकर आज कांग्रेस ने स्पीक अप फॉर जॉब्स  (#SpeakUpForJobs) की शुरुआत की। इस पर हरियाणा के कांग्रेस नेताओं ने अलग-अलग ट्वीट कर सरकार से रोजगार देने की मांग उठाई। 

 बता दें कि सीएमआईई के आंकड़ों के मुताबिक बेरोजगारी के मामले में कुछ राज्यों में अच्छा सुधार हुआ, लेकिन हरियाणा में स्थिति खराब हुई है। प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ी है, जोकि चिंता का विषय  है। सीएमआईई के आंकड़ों के मुताबिक हरियाणा में बेरोजगारी दर 33.5 फीसदी है। इसको लेकर लगातार कांग्रेस प्रदेश सरकार को घेर रही है। 

इस बारे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि आज सोशल मीडिया पर रोजगार दो की मुहिम की शुरुआत कर रहे हैं। हरियाणा में बेरोजगारी 33% तक पहुंच गई है। देश में हरियाणा नंबर वन पर आ गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की भारतीय जनता पार्टी और जजपा की सरकार किसान विरोधी सरकार है। 


उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि देश की अर्थव्यवस्था को भाजपा सरकार ने जिस कद्र बिगाड़ा है। आपने देखा कि चाहे नोटबंदी की बात हो या जीएसटी को गलत ढंग से लागू करने की; देश में बेरोजगारी बढ़ती ही जा रही है। हरियाणा में बेरोजगारी दर देश भर में सर्वाधिक है। 
 


पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने ट्वीट किया कि हरियाणा समेत पूरे देश मे भाजपा सरकार ने अर्थव्यवस्था को पटरी से पूरी तरह उतार दिया है। नोटबन्दी के बाद गलत ढंग से लागू जीएसटी से व्यापार तो ठप हुआ ही,साथ में नौकरियों का भी अकाल पड़ गया। हरियाणा में बेरोजगारी दर देशभर में सर्वाधिक है,सरकार हाथ पे हाथ धरे बैठी है।

 

 


इसी के तहत कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर लिखा कि मोदी, युवाओं को बरगला आपने सत्ता हथियाई थी। 2 करोड़ रोज़गार हर साल देने का वादा था। 12 करोड़ रोज़गार देना तो दूर, 14 करोड़ रोज़गार छीन लिए और भविष्य अंधकार में है। युवा अब जाग गया है और जबाब मांगता है। सिंहासन ख़ाली करो, युवा आता है। 


कांग्रेस के आदमपुर से विधायक कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण हमारा देश तबाही की तरफ बढ़ रहा है। जुलाई अंत के अनुमान बताते हैं कि नोटबंदी, जीएसटी और लॉकडाउन के कारण मौजूदा 18 करोड़ रोजगार खत्म हो रहे हैं। 
 


वहीं पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि आज देश और हरियाणा प्रदेश के युवाओं को रोजगार चाहिए। भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाए।
 

 


 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

vinod kumar