कांग्रेस का मंथन केवल रहता है कि मोदी और शाह जी ने क्या पहन लिया : कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी

punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 09:20 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): विपक्ष के हर कटाक्ष और आरोपों का जवाब बेहद बेबाकी और सूझबूझ के साथ देने और तथ्यों के साथ अपने विचार रखने के माहिर माने जाने वाले हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने पंजाब केसरी के साथ कई महत्वपूर्ण विषयों पर बड़े खुलकर चर्चा की। उन्होंने जहां कांग्रेस पार्टी के नेता सुरजेवाला, शैलजा और हुडा के आरोपों का खंडन करते हुए अपनी पार्टी और सरकार की बेहतरीन, उच्चतम कार्यशेली की व्याख्या बड़ी खूबसूरती के साथ की।

वहीं उन्होंने कांग्रेस पर सीधे-सीधे देश के दुश्मनों के साथ हाथ मिलाने और गुप्त मीटिंग करने जैसे बड़े संगीत आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां चाहे विपरीत रही लेकिन उनकी केंद्र और प्रदेश सरकार ने हर क्षेत्र के अंदर बडा अच्छा कार्य करके दिखाया है और आज इसी कारण से हिंदुस्तान चौथी महाशक्ति बन पाया है। उन्होंने आने वाले पंजाब चुनाव में भी शत प्रतिशत जीत का दावा किया है। कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर हुई उनसे बातचीत के कुछ अंश आपके सामने प्रस्तुत हैं:-

प्रशन:- कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने सर्कुलर जारी किया है कि कोई भी विधायक या नेता बिना अनुमति के कोई धरना नहीं करेगा, क्या कहेंगे ?
उत्तर:- कांग्रेस पार्टी में डेमोक्रेसी नाम की कोई चीज नहीं बची। वहां केवल दादागिरी चलती है। कांग्रेस को चिंतन और मंथन की जरूरत है कि आखिर 40 से 45 साल हो गए बंगाल से कांग्रेस क्यों गायब है, वहां इनका कोई नाम लेवा तक नहीं बचा। गुजरात और उड़ीसा में भी यही हाल है। तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश में 50 से 55 साल हो गए कांग्रेस लगातार समाप्त होती जा रही है। दिल्ली में 20 साल से कांग्रेस नहीं है। वह इन बातों पर मंथन नहीं करते, उनका मंथन केवल यह रहता है कि भाजपा ने क्या किया, मोदी जी और शाह जी ने क्या पहन लिया, जबकि उन्हें मंथन करना चाहिए कि हम मजबूत विपक्ष की भूमिका में कैसे आए। उन्हें देश विरोधी बातों को छोड़कर देश हित में काम करने की जरूरत है।

आज कांग्रेस का दिवाला पिट चुका है। उनके शीर्ष नेतृत्व की कोई सुनता तक नहीं। मैं उनसे निवेदन करता हूं कि उन्हें अपने अंदर आत्म मंथन पर काम करना चाहिए। सत्ता पक्ष पर आरोप बाद में लगाने चाहिए। उन्हें डेमोक्रेसी की हत्या नहीं करनी चाहिए। उन्हें विदेशी ताकतों से हाथ मिलाने की बजाय देश हितेषी लोगों का साथ देना चाहिए। वह लोग चीन, कनाडा, अमेरिका, इटली जैसे देशों में जाकर गलत एजेंसियों के साथ मिलते हैं, बैठते हैं गुप्त मीटिंग के करते हैं। इन बातों पर आत्म मंथन करने की जरूरत है। अगर देश में मजबूत विपक्ष होगा तो सत्ता पक्ष को भी ज्यादा अनुभव मिलेंगे। लेकिन उनकी सोच इन बातों से बिल्कुल विपरीत है।


 प्रशन:- हाल ही में भाजपा ने प्रदेश नेतृत्व में बदलाव किया, महिला को कमान दी गई है, कैसे देखते हैं ?
 उत्तर:- बिल्कुल, पंचकूला के पंचकमल में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, उन्होंने कार्यभार संभाल लिया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री, प्रभारी, सह प्रभारी, सभी मंत्रीगण, विधायक, सांसद और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी इस कार्यक्रम में मौजूद रहे। अर्चना गुप्ता जी पुरानी कार्यकर्ता हैं। इनका परिवार जनसंघ और भाजपा से लंबे समय से जुड़ा हुआ है और भारतीय जनता पार्टी बेटियों को ताकत देना चाहती है। महिलाओं को सशक्त करना चाहती है। इसी सोच के साथ इन्हें कमान दी गई है और मुझे पूरी उम्मीद है इन सभी अपेक्षाओं पर हमारी बहन अर्चना गुप्ता खरी उतरेंगी।


 प्रशन:- हरियाणा में डेढ़ साल से नायब सरकार है और केंद्र में 2 साल से मोदी सरकार है, बहुत सी बातों को लेकर विपक्ष खास तौर पर सुरजेवाला, शैलजा और हुडा पूरी तरह से आक्रामक है ?
 उत्तर:- विपक्ष हमारी तारीफ करने के लिए नहीं बना। मैं विश्वास दिलाता हूं कि पिछले 12 साल से हमने सभी क्षेत्रों में बेहतरीन काम किए हैं। देश की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है। हमारी सीमाएं सुरक्षित हुई हैं, हमने पूर्व सैनिकों को ओल्ड पेंशन स्कीम दी है, हर घर शौचालय बनाए हैं, करोड़ों लोगों को घर बैठे अनाज दिया है, वैक्सीनेशन के माध्यम से हमने 108 देश को कोरोना टाइम के दौरान सेवा भाव से दवाइयां बिल्कुल मुफ्त दी हैं, हमने सड़कों का सुदृढ़ीकरण किया है, वंदे भारत जैसी ट्रेन दी है, जब हमें सत्ता मिली तो उस समय देश में केवल 70 एयरपोर्ट एक्टीवेट थे, आज 180 वर्किंग में है।

हमने ट्रेनों की स्थितियां बहुत सुधारी हैं, हमने पहाड़ी क्षेत्रों में अटल टनल जैसे टनल बनाए हैं, पर्यावरण जल संरक्षण पर हमने काम किया है, किसानों को फसल बीमा जैसे लाभ दिए हैं, हमारे समय में किसानो की स्थिति सुधरी हैं, हमने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर काम किया है, उज्जवला योजना के तहत हमने प्रदेश की सभी बहनों को फ्री गैस कनेक्शन दिए हैं, जिन 13000 गांव में आज तक बिजली नहीं पहुंची थी उन बिजली रहित गांव में हमने बिजली पहुंचाई है। हर खेत को हमने पानी दिया है, हमने हर क्षेत्र में बेहतरीन काम किया है।

हमने भारत को विश्व की चौथी महाशक्ति बनाया है। हम हर विपरीत परिस्थिति में बेहतरीन काम करते हैं। इसीलिए बार-बार जनता हमारे ऊपर विश्वास करती है। कांग्रेस पार्टी के लोग आरोप लगाने से महान नहीं बन जाएंगे, उनकी गिनती उच्च कोटि के नेताओं में नहीं होगी, वह कुछ बातें कहकर केवल टाइम पास कर रहे हैं। आज जनता खुशहाल हो रही है जनता हमारे ऊपर विश्वास कर रही है, इसीलिए अलग-अलग प्रदेशों में लगातार हमारी सरकारें बन रही हैं।

 प्रशन:- 2027 में पंजाब में चुनाव हो सकते हैं, मुख्यमंत्री सैनी लगातार वहां मेहनत कर रहे हैं, क्या कहेंगे ?
 उत्तर:- जब हमारे यहां चुनाव थे तो पंजाब ने भी यहां मेहनत की थी। हिमाचल प्रदेश के नेता भी हमारे लिए यहां मेहनत कर रहे थे। मेरी विधानसभा क्षेत्र नरवाना में उत्तर प्रदेश के सांसद लगातार लोगों के बीच में थे। दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी हमने बहुत काम किया। हम पश्चिम बंगाल और बिहार भी गए। यह भाजपा की परंपरा है और पंजाब हमारा पड़ोसी राज्य है। हम पंजाब के ही एक हिस्सा हैं। इसलिए हमारी जिम्मेदारी है कि वहां हम सरकार बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। मुख्यमंत्री सैनी लगातार बेहतरीन काम कर रहे हैं और उसका बहुत अधिक लाभ वहां सरकार बनाने में भाजपा को मिलेगा।

 प्रशन:- किन मुद्दों पर आम आदमी पार्टी को सत्ता से दूर कर पाएंगे ?
उत्तर:- आप देखें कि आम आदमी पार्टी के नेता, मंत्री अलग-अलग आरोपों और कर्मों के कारण जेल में जा रहे हैं। पंजाब की जेल में इतने कैदी दूसरे नहीं होंगे जितने उनके नेता होंगे। कहीं किडनैपिंग, कहीं भ्रष्टाचार तो कहीं घोटाला। बड़े-बड़े मामलों में यह लोग अंदर जा रहे हैं। इन लोगों ने पंजाब को बर्बाद करने का काम किया है। इसीलिए आम आदमी पार्टी वहां रिपीट नहीं होगी। वहीं बाहर दूसरी तरफ भाजपा की छवि लगातार लोगों के दिलों में बस रही है। हमारी स्वच्छ छवि है। भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व मजबूत है। इसीलिए क्षेत्रीय दलों पर वहां की जनता विश्वास नहीं कर पा रही और भाजपा पर लगातार विश्वास जनता का बढ़ रहा है।

 प्रशन:- चुनाव पूर्व हरियाणा की जनता से कई वायदे आपने किए थे, उनमें से लाड़ो लक्ष्मी योजना भी एक है, थोड़ा बताएं ?
 उत्तर:- पिछले विधानसभा चुनाव में हमने आर्थिक रूप से कमजोर बहनों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए तंग ना होना पड़े इसके लिए एक लाडो लक्ष्मी योजना बनाने की घोषणा की थी ताकि किसी भी बहन को अपनी आम जरूरत के लिए अपने पति, पिता या भाई के आगे हाथ ना फैलाना पडे, इसीलिए हमारी सरकार बनने पर 2100 रूपये प्रति महा प्रति बहन को जो 23 वर्ष से 60 वर्ष के बीच है जिनकी आर्थिक स्थिति 180000 रुपए से कम है देने का वादा किया था।

इस योजना से हमारे प्रदेश में लगभग 11 लाख बहने लाभान्वित हुई है। इसके लिए हमने सबसे जरूरी और सबसे अच्छा काम यह किया कि अपनी एप डेवलप की ताकि बहनों को कोई फार्म न भरना पड़े या कहीं सीएससी सेंटर पर न जाना पड़े, वह घर पर ही अपने फोन से एप के माध्यम से योजना के साथ जुड़ सकती हैं, उन्हें दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़े और आज 11 लाख से अधिक बहने इसमें हिस्सेदारी ले रही हैं। अब आठवीं किस्त प्रदेश सरकार के द्वारा ट्रांसफर कर दी जाएगी। इस योजना से बहनों के जीवन में एक बड़ा बदलाव आया है।

प्रशन:- 1 वर्ष में आपकी विधानसभा में विकास को लेकर आपका क्या रोड मैप है ?
उत्तर:- 17 अगस्त 2025 को प्रदेश के मुख्यमंत्री ने वहां विकास रैली की थी और हमने बहुत सी समस्याएं और ज़रूरतें उनके सामने रखी थी। उन्होंने सभी एजेंडे पास किए थे बजट आ चुका है और यह फाइनल स्टेज पर हैं। एक साल के अंदर अंदर जो काम मुख्यमंत्री जी के आगे हमने रखे थे वह धरातल पर उतरेंगे। चाहे अस्पताल और बस स्टैंड की बिल्डिंग की बात हो या पूरे क्षेत्र के अंदर सीवरेज, पानी और स्कूल में सुधारीकरण की बात हो, उन पर लगातार काम हो रहा है। हाल ही में मैं तीन सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में विस्तारिकरण के कार्य को गति देकर आया हूं। दानोदा खुर्द में सीएससी की शुरुआत हुई है। खेल स्टेडियम, सड़के हर चीज पर हमारा ध्यान है और बहुत अच्छा विकास लगातार चल रहा है।

 प्रशन:- आपकी विधानसभा पंजाब के साथ टच है और आपका वहां काफी प्यार प्रेम और आना जाना है, इसका कितना लाभ मिलेगा ?
 उत्तर:- बिल्कुल, संगरूर और पटियाला मेरी विधानसभा के ट्च क्षेत्र हैं हम बॉर्डर पर बैठे हैं और बहुत सी निजी रिश्तेदारियां भी मेरी वहां पर हैं। हमारा लगातार वहां आना जाना रहता है, मेरे बहुत अच्छे व्यक्तिगत संपर्क हैं, लगभग 25 गांव मुझसे लगातार जुड़े हुए हैं। सभी के दुख सुख में मैं शामिल होता हूं और जहां तक मेरा अनुमान है सभी ने मन बनाया हुआ है कि अबकी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार वहां लानी है। 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)                 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static