हरियाणा के सियासी मैदान में अक्टूबर में उतरेगी कांग्रेस की नई ‘फौज’

9/27/2018 11:24:59 AM

हिसार(संजय अरोड़ा): हरियाणा में जिला कांग्रेस अध्यक्ष के साथ-साथ प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि बनने की इंतजार कर रहे प्रदेश के कांग्रेस नेताओं की मुराद अब जल्द ही मुकम्मल होने जा रही है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस हाईकमान द्वारा स्वीकृति प्रदान किए जाने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर द्वारा अक्तूबर के प्रथम पखवाड़े में जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ-साथ प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधियों व अखिल भारतीय कांग्रेस के हरियाणा से निर्वाचित प्रतिनिधियों की सूची जारी की जा सकती है। उम्मीद है कि ये सूचियां संभवत: नवरात्रों में जारी हो सकती है। 

गौरतलब है कि जहां प्रदेश में 32 जिला कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति लंबे समय से अधर में लटकी चली आ रही है तो वहीं ए.आई.सी.सी. व पी.सी.सी. डैलीगेट्स की सूची इस वर्ष कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन से ठीक पहले जारी कर दी गई थी मगर, कांग्रेस के कई बड़े नेताओं की खींचतान के चलते कांग्रेस के राष्ट्रीयध्यक्ष राहुल गांधी के हस्तक्षेप के बाद इस सूची पर रोक लगा दी गई थी। तब से लेकर अब तक डैलीगेट्स की ये सूचियां भी जारी नहीं हो पाई हैं। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक जिला कांग्रेसध्यक्षों के साथ इन डैलीगेट्स की नियुक्तियां भी अब संभावित हैं। ऐसी भी जानकारी है कि पहले ये सूचियां सितम्बर में ही जारी होनी थीं मगर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर की साइकिल यात्रा के साथ-साथ पानीपत में 30 सितम्बर को होने वाली पोल खोल रैली में व्यस्तता के चलते अब ये सूचियां अगले माह के पहले पखवाड़े में जारी होंगी। 

निष्क्रिय नेता होंगे संगठन से बाहर
मिली जानकारी के अनुसार अगले वर्ष होने वाले लोकसभा व विधानसभा चुनावों के मद्देनजर प्रदेश कांग्रेसध्यक्ष अशोक तंवर ने पार्टी संगठन को मजबूत बनाने की कवायद शुरू कर दी है और वे जिलाध्यक्षों व डैलीगेट्स की सूची जारी करने के साथ-साथ प्रदेश कार्यकारिणी में भी बदलाव कर सकते हैं। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार लंबे समय से पार्टी संगठन में निष्क्रिय बने हुए कई छोटे से बड़े नेताओं को पार्टी संगठन से बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है और संगठन में रहकर अथवा बाहर रहते हुए भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहे पार्टी नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं। इसके अलावा विरोधी दलों को विभिन्न मुद्दों पर आक्रामक तेवरों के साथ घेरने व कांग्रेस का सघन प्रचार अभियान चलाने के लिए पार्टी अध्यक्ष प्रवक्ताओं की एक प्रभावी टीम भी बना सकते हैं।

22 जिलों में होंगे 32 जिलाध्यक्ष
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार प्रदेश के कुल 22 जिलों में 32 जिला कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किए जाने हैं, क्योंकि कुछ जिलों में 1-1 जिलाध्यक्ष होंगे जबकि कुछ जिलों में 2 या 3 जिलाध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक अम्बाला जिला में सबसे अधिक 3 जिलाध्यक्ष बनेंगे। इस जिला में एक अंबाला शहरी, एक अंबाला छावनी व एक अंबाला ग्रामीण अध्यक्ष होगा, जबकि 8 अन्य जिलों में ग्रामीण व शहरी 2-2 अध्यक्ष होंगे। 

जिन जिलों में 2-2 अध्यक्ष बनाए जाने हैं उनमें सोनीपत, करनाल, यमुनानगर, भिवानी, रोहतक, पानीपत, हिसार व गुरुग्राम शामिल हैं। शेष बचे 13 जिलों सिरसा, फतेहाबाद, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, फरीदाबाद, दादरी, पंचकूला, रेवाड़ी, पलवल, महेंद्रगढ़, झज्जर व नूंह में एक-एक जिला अध्यक्ष की नियुक्ति होगी। 

Deepak Paul