कांग्रेस ने ऐलनाबाद विधानसभा से चुनाव लडऩे के इच्छुकों से मांगे आवेदन

10/1/2021 7:46:12 PM

चंडीगढ़ (धरणी): ऐलनाबाद विधानसभा के उपचुनाव को लेकर शुक्रवार को हरियाणा कांग्रेस की एक बैठक का आयोजन दिल्ली स्थित 15 गुरुद्वारा रकाबगंज रोड पर किया गया। बैठक हरियाणा कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल ने ली। बैठक में हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, कांग्रेस कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य व राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य व विधायक कुलदीप बिश्नोई, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव वीरेंद्र सिंह राठौर व आशीष दुआ और पूर्व विधानसभा स्पीकर कुलदीप शर्मा शामिल रहे।

बैठक उपरांत हरियाणा कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर ऐलनाबाद विधानसभा से चुनाव लडऩे के इच्छुक पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से आवेदन आमंत्रित किए हैं। चुनाव लडऩे के इच्छुक कांग्रेसजनों से 04 अक्तूबर को दोपहर तीन बजे तक अपना आवेदन करने का अनुरोध किया गया है। इसके बाद हरियाणा कांग्रेस की एक और बैठक का आयोजन किया जाएगा और आवेदन करने वाले नामों पर चर्चा की जाएगी।

विवेक बंसल ने कहा कि ऐलनाबाद का यह उपचुनाव ऐतिहासिक है। यह किसी व्यक्ति की नहीं, यह विचारधारा की लड़ाई है। यह विचारधारा किसानों, मज़दूरों, व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं के हितों की है। वहीं दूसरी ओर की विचारधारा पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने वाली है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर वर्ग की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लड़ रही है।
विवेक बंसल ने कहा कि कहा कि इनेलो भाजपा की बी टीम है। पहले भी यह दोनों दल साथ आए हैं और आगे भी यह दल साथ आकर लोगों के साथ विश्वासघात करेंगे, इसलिए इन लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।

विवेक बंसल ने कहा कि भाजपा सरकार किसान, मजदूर व आढ़तियों को पूंजीपतियों के हाथों गिरवी रखना चाहती है। किसान और मजदूर पिछले दस महीने से सड़कों पर बैठे हुए हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। फसल खरीद के नाम पर इस सरकार के द्वारा किसानों के साथ धोखा किया जा रहा है। हरियाणा में किसान जब अपना हक मांगते हैं तो उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं। आज हर वर्ग इस सरकार से व्यथित है। हर वर्ग बढ़ती महंगाई से त्रस्त है। हरियाणा प्रदेश में कांग्रेस शासनकाल के वक्त जो उद्योग धंधे स्थापित हुए थे, वह इस सरकार में तबाह हो चुके हैं। बड़ी-बड़ी कंपनियां हरियाणा प्रदेश से पलायन कर रही हैं। हरियाणा प्रदेश में बेरोजगारी पूरे देश में सबसे अधिक है। प्रदेश में अपराध तेजी से बढ़ रहा है। प्रदेश की सफाई व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाएं पूरी तरह से चरमरा चुकी हैं।

विवेक बंसल ने कहा कि आज हर वर्ग इस सरकार की नीतियों से त्रस्त है और कांग्रेस की तरफ देख रहा है। बरोदा उपचुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत इसका जीता जागता उदाहरण है। ऐलनाबाद विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस पार्टी बड़े अंतर से जीत दर्ज करेगी।

Content Writer

Shivam