कांग्रेस को नाम बदलकर ‘पंजाब-पुडुचेरी-परिवार’ पार्टी रख लेना चाहिए : खट्टर

5/16/2018 8:54:14 AM

पंचकूला(मुकेश): मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कर्नाटक में भाजपा द्वारा 104 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनने पर कहा कि कांग्रेस को अब नाम बदलकर पंजाब-पुडुचेरी-परिवार पार्टी रख लेना चाहिए, क्योंकि कांग्रेस अब केवल 2.5 प्रतिशत आबादी पर ही राज करने वाली पार्टी रह गई है। उन्होंने कहा कि जब तक राहुल गांधी राष्ट्रीय नेतृत्व में हैं तब तक कांग्रेस पार्टी का भला नहीं हो सकता। यह बात मुख्यमंत्री ने आज पंचकूला भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के समय में एक समझौते की सरकार 13 दिन के लिए चली। फिर 13 महीने और बाद में 4.5 साल का कार्यकाल रहा। इस गति से पार्टी बढ़ती गई। आज देश की 70 प्रतिशत आबादी पर भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टियों का शासन है।

इजराईल और यू.के. जैसे देशों में भारत की अविश्वसनीय पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 दिन विदेश यात्रा कर लौटा हूं। इजराईल और यू.के. जैसे देशों में भारत की अविश्वसनीय पहचान है। भारत का नाम बहुत ऊंचा है। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीयों से मुलाकात हुई और विभिन्न बैठकें कर सभी विषयों पर चर्चा की। 

उन्होंने कहा कि विदेशी निवेशकों, व्यवसायियों को हरियाणा में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने बताया कि इजराईल के लोग खेती में बहुत आगे बढ़ चुके हैं। वहां की तकनीक को हरियाणा में अपनाया जाएगा। इजराईल प्रौद्योगिकी, निवेश, सुरक्षा और खेती जैसे क्षेत्रों में हरियाणा का सहयोग करने के लिए इच्छुक हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा किस तरह अपराध मुक्त बने, इसके लिए भी इजराईल की सुरक्षा व्यवस्था की तकनीकों को समझा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इजराईल में सड़क दुर्घटना होने के केवल 90 सैकेंड में मेडिकल सुविधा पहुंच जाती है। इस सिस्टम को हरियाणा में भी लागू किया जाएगा।

Rakhi Yadav