कांग्रेस ने अंग्रेजों को भगाया, हरियाणा से भाजपा-इनेलो को भगाएंगे: अशोक तंवर

3/11/2018 9:22:25 PM

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि मेहनत और संघर्ष कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खून में है। कांग्रेस ने आजादी की लड़ाई में अंग्रेजों को भगाया और अब साइकिल पर निकल पड़े तो हरियाणा से भाजपा-इनेलो को भगाकर रुकेंगे। वे आज पिहोवा अनाज मंडी  में हरियाणा बचाओ-परिवर्तन लाओ रैली को संबोधित कर रहे थे। यहां तंवर ने मिले जनसमर्थन के लिए लोगों का आभार जताया। 

तंवर ने कहा कि आरएसएस और भाजपा देश को बांटने में लगे हैं, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आने वाले समय मे पूरी मेहनत और मजबूती से लडऩा होगा। तंवर ने कहा कि शहीद ए आजम भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरू के शहीदी दिवस 23 मार्च को सिरसा के चौटाला से यात्रा का दूसरा चरण शुरू होगा। जिस तरह हरियाणा के उत्तर से भाजपा की खट्टर सरकार को हिला दिया, उसी तरह अब इनेलो को उखाडऩे का काम होगा। 

उन्होंने कहा कि साइकिल यात्रा में महिलाओं की हाजिरी 33 फीसदी से अधिक रही तो आने वाले चुनावों में 50 प्रतिशत टिकटों के लिए सिफारिश करूंगा। भाजपा सरकार को भ्रष्टाचार के मामले में आड़े हाथों लेते हुए तंवर ने कहा कि अवैध खनन माफियाओं को भाजपा नेताओं का संरक्षण मिला हुआ है।

उन्होंने कहा पूरे देश में मोदी के नेतृत्व में पूंजीपतियों को कीमतों के माध्यम से लाभ पहुंचाया जा रहा है, वहीं गरीब और आम आदमी की आदमी की जेब पर डाले जा रहे डाके से 12 लाख करोड़ का गोलमाल हुआ है।