कांग्रेस ने भाजपा के प्रदर्शन को बताया ड्रामा, आनंद बोले- बेवजह अमरिंदर के बयान को मुद्दा बनाया जा रहा

9/18/2021 3:29:53 PM

रोहतक (दीपक): भारतीय जनता पार्टी ने आज पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र के किसानों को लेकर दिए गए बयान को लेकर प्रदेश भर में प्रदर्शन किया। वहीं कांग्रेस पार्टी भी इस प्रदर्शन का जवाब देने के लिए सड़कों पर उतरी। रोहतक में भी कांग्रेस भवन के सामने कांग्रेस पार्टी के नेता एकत्रित हुए और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और भाजपा पार्टी का पुतला जलाकर अपना विरोध जताया। कांग्रेस ने भाजपा के प्रदर्शन को ड्रामा करार दे दिया। हालांकि रोहतक में कांग्रेस पार्टी ने सूझबूझ का परिचय देते हुए भाजपा के प्रदर्शन के बाद अपना प्रदर्शन किया। वहीं प्रदेश की कई जगहों पर भाजपा के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने की खबरें भी आती रही।

रोहतक से कांग्रेस पार्टी के विधायक भारत भूषण बतरा ने कहा कि इससे बड़ी विडंबना नहीं हो सकती कि सत्ताधारी दल को अपनी सत्ता के दौरान प्रदर्शन करना पड़े। यह कहीं ना कहीं सरकार की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ प्रदर्शन करना भाजपा का ड्रामा है। क्योंकि कैप्टन अमरिंदर सिंह का बयान अपने प्रदेश को ध्यान में रखकर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा तो किसान विरोधी सरकार है और कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ खड़ी है। अभी तक किसान आंदोलन के दौरान बहुत से किसानों की मौत हुई है, लेकिन भाजपा के दिल में किसानों के प्रति कोई संवेदना ही नहीं हैं।

प्रदर्शन में शिरकत करने पहुंचे महम से पूर्व विधायक आनंद सिंह दांगी का कहना कि भाजपा बेवजह पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के बयान को मुद्दा बना रही है। लेकिन विवाद तीन कृषि कानून के विरोध में बैठे किसानों व सरकार के बीच है, अगर किसानों की मांगे मान ली जाए तो किसी के बयान की कोई अहमियत नहीं रह जाती। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

vinod kumar