कार्यकर्ताओं के दम पर प्रदेश की सत्ता में आएगी कांग्रेस: तंवर

7/16/2017 11:30:45 AM

पिहोवा (वधवा):वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुरिंद्रजीत सिंह नत्त के पिहोवा निवास पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में कार्यकत्र्ताओं के दम पर कांग्रेस सत्ता में आएगी। वह दिन दूर नहीं जब कार्यकर्ताओं की मेहनत जनता के बीच ऐसा माहौल तैयार करेगी जिससे प्रदेश के लोग कांग्रेस में आस्था रख एकतरफा जीत दिलवाएंगे। तंवर ने कहा कि पिहोवा हलके में नत्त कार्यकर्ताओं को साथ लेकर जनता का विश्वास जीतने का काम कर रहे हैं। नत्त पुराने कांग्रेसी नेता हैं। उन्होंने हलके में विशेष पहचान बना रखी है जिसकी बदौलत आने वाले चुनाव में कांग्रेस को फायदा मिलेगा। तंवर ने कहा कि पार्टी लीडर अकेले कुछ नहीं कर सकता, जब तक कार्यकत्र्ताओं की निष्ठा लीडर के प्रति न हो। 

उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ़ बताया। अब समय आ गया है कि हर कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में जनता के बीच जाकर कांग्रेस की कल्याणकारी और भाजपा की दमनकारी नीतियों को उजागर करना होगा। उन्होंने कांग्रेस के सभी पुराने कार्यकर्ताओं को भी नए वर्कर्स के साथ मिलकर पार्टीहित में कार्य करने की बात कही। पत्रकारवार्ता में तंवर ने कहा कि हर वर्ग भाजपा सरकार से परेशान है। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल है। जनता भाजपा को सत्ता सौंपकर पछता रही है। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का शासनकाल बेहतरीन था। जनता फिर से कांग्रेस को सत्ता में लाने का मन बना रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कोई चुनावी वायदा पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि विरोध के कारण सरकार को कई वस्तुओं का जी.एस.टी. कम करना पड़ा है। भाजपा गाय के नाम पर राजनीति कर रही है, जबकि गौवंश की दुर्दशा किसी से छिपी नहीं है। नत्त ने कहा कि भाजपा से आम आदमी का मोह भंग हो चुका है। आने वाला समय कांग्रेस का है। कार्यकर्ताओं में पार्टी को लेकर जोश है। जल्द ही पिहोवा में कांग्रेस की रैली आयोजित की जाएगी।