सितंबर में उफान पर होगा सियासी पारा, भाजपा मंथन के साथ कांग्रेस व इनेलो की रैली

8/29/2018 1:30:06 PM

चंडीगढ़: सितंबर में प्रदेश का सियासी पारा उफान पर होगा। क्योकि कुरुक्षेत्र में एक दिन एक साथ कांग्रेस व इनेलो ने रैलियां करने का ऐलान कर दिया है, जबकि इसी दौरान हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र भी होगा। आठ सितंबर को इनेलो ने हरियाणा बंद का ऐलान किया है। जबकि ठीक अगले दिन कुरुक्षेत्र भूमि में इनेलो व कांग्रेस की रैलियां होंगी। भाजपा ने भी मंथन शुरू कर दिया है और इसी अवधि में भाजपा भी कोई आयोजन करने की रणनीति बना रही है।

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा जनक्रांति रथयात्रा के छठे चरण की शुरुआत नौ सितंबर को कुरुक्षेत्र से करने जा रहे हैं। पिहोवा हलके से वे शुरूआत करेंगे और चार दिनों तक कुरुक्षेत्र के हलकों में रथयात्रा रहेगी। नौ सितंबर को ही कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने कुरुक्षेत्र जिले में परिवर्तन रैली करने का ऐलान कर दिया है। रैलियों को लेकर कार्यकर्ताओं ने अभी से जीतोड़ मेहनत शुरू कर दी है, कोई भी दल कसर नहीं छोड़ना चाहता। 

इनेलो की रैली बाबैन में होगी 
इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला नौ सितंबर को कुरुक्षेत्र के बाबैन कस्बे में रैली करेंगे। इनेलो ने रैली से ठीक एक दिन पहले हरियाणा बंद का ऐलान किया है। चूंकि सात सितंबर को हरियाणा विधानसभा का सत्र शुरु होगा। ठीक दो दिन बाद बाबैन रैली होगी। चूंकि भाजपा का जीटी बेल्ट में काफी वोट बैंक है, ऐसे में कांग्रेस व इनेलो बीजेपी के वोट बैंक में सेंध लगाना चाहते हैं। 
 

Deepak Paul