पुलिस प्रशासन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नहीं विश्वास, ईवीएम की सुरक्षा के लिए खुद संभाला मोर्चा

10/23/2019 2:03:33 PM

सोनीपत(पवन राठी): हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला कल यानि 24 अक्तूबर को हो जाएगा। चुनावी नतीजे आने से पहले कांग्रेस कार्यकर्ता काफी सक्रिय हो गए हैं। ईवीएम मशीन में किसी प्रकार की कोई धांधली न हो, इसके लिए उन्होंने खुद मोर्चा संभाला हुआ है। सोनीपत में कुछ ऐसा ही देखने को मिला है। 



सोनीपत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईवीएम की सुरक्षा के लिए खुद जिम्मा संभाल रखा है। कार्यकर्ताओं को पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर विश्वास नहीं है। इसके चलते वह खुद इसकी पहरेदारी कर रहे हैं। बता दें सोनीपत की 6 विधानसभाओं की ईवीएम मशीन बिट्स कॉलेज में रखी गई हैं। बिट्स कॉलेज के चारों तरफ पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्सेज तैनात हैं, लेकिन इसके बावजूद भी कार्यकर्ताओं ने डेरा डाल रखा है। 

कार्यकर्ता खुद बिट्स कॉलेज की पहरेदारी कर रहे हैं। पुलिस के साथ-साथ कार्यकर्ता भी आने जाने वाली गाडिय़ों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा बीजेपी पार्टी कुछ भी करवा सकती है।  उन्हें किसी पर विश्वास नहीं है। वहीं इस पूरे मामले में पुलिस या प्रशासन के आला अधिकारी कुछ भी बोलने से इनकार कर रहे हैं। 

Edited By

vinod kumar