Burger King ने वेज की जगह भेजा नॉनवेज बर्गर, 72 हजार रुपए मुआवजा देने के आदेश
punjabkesari.in Thursday, Nov 19, 2026 - 09:02 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुरुग्राम जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी के दौरान वेज की जगह नॉन-वेज बर्गर भेजने के मामले में बर्गर किंग इंडिया और फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी को सेवा में गंभीर लापरवाही का दोषी ठहराया है। आयोग ने दोनों कंपनियों को संयुक्त रूप से शिकायतकर्ता को 72 हजार रुपये का मुआवजा व कानूनी खर्च अदा करने का आदेश दिया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
सेक्टर-46 निवासी भगवान दास मंगला ने आयोग में शिकायत दायर कर बताया था कि दो अप्रैल 2021 को दोपहर उन्होंने स्विगी के माध्यम से बर्गर किंग से अपने दो बच्चों के लिए चार वेज बर्गर ऑर्डर किए थे। उस समय उनकी पत्नी अस्वस्थ थीं। डिलीवरी आने पर पत्नी ने पैकेट लेकर मेज पर रख दिया और सोने चली गईं। इसके बाद बच्चों ने पैकेट खोलकर बर्गर खा लिए। कुछ देर बाद बच्चों ने अजीब स्वाद की शिकायत की और उन्हें जी मिचलाने व उल्टी जैसी समस्या होने लगी।
जांच करने पर पता चला कि ऑर्डर में वेज की जगह नॉन-वेज बर्गर डिलीवर किए गए थे। इसके बाद शिकायतकर्ता ने उसी दिन शाम 6:24 बजे स्विगी ऐप पर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इस घटना से उनके परिवार की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। शिकायत में यह भी बताया गया कि विवाद सुलझाने के लिए बर्गर किंग के प्रतिनिधि ने एक-दो धार्मिक स्थलों की तीर्थयात्रा कराने और 25 हजार रुपये मुआवजा देने की पेशकश की थी, जिसे शिकायतकर्ता ने ठुकरा दिया था और 60 लाख रुपये के मुआवजे की मांग रखी थी।
आयोग के अध्यक्ष संजीव जिंदल तथा सदस्य ज्योति सिवाच और खुशविंदर कौर की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि शिकायतकर्ता द्वारा पेश किए गए हलफनामे, ऑर्डर डिटेल्स, इनवॉइस, ऐप पर दर्ज शिकायत और पत्राचार से आरोप पूरी तरह प्रमाणित होते हैं। वहीं, विपक्षी कंपनियां इन दस्तावेजी सबूतों को खारिज करने के लिए कोई भी साक्ष्य पेश करने में विफल रहीं। आयोग ने दोनों कंपनियों को मानसिक पीड़ा के लिए 50 हजार रुपये मुआवजा और 22 हजार रुपये मुकदमा खर्च के रूप में 45 दिनों के भीतर भुगतान करने का आदेश दिया है। तय समय में भुगतान न करने पर 12 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देना होगा।