नई आबकारी नीति पर छिड़ा विवाद, सुभाष बराला ने उठाया सवाल(VIDEO)

2/24/2020 5:53:04 PM

रोहतक(दीपक): हरियाणा में तीन दिन पहले घोषित नई आबकारी पॉलिसी पर विवाद छिड़ गया है। आबकारी एवं काराधान मंत्री तथा उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला द्वारा बनाई गई आबकारी पॉलिसी से भाजपा भी सहमत नहीं है। नई आबकारी नीति के तहत घर में शराब रखने का लाइसेंस जारी करने का फैसला लिया गया है। जिससे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला भी इत्तेफाक नहीं रखते हैं। बराला ने कहा कि इस पर दोबारा से विचार किया जाना चाहिए। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री से भी खुद बात की है। 

सुभाष बराला आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए रायशुमारी की रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेज दी गई है। अब केंद्र को फैसला लेना है कि नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कब होती है। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्षों का चुनाव हो चुका है और जल्द ही जिला अध्यक्षों का भी चुनाव कर लिया जाएगा। जिसके लिए हर जिले में रायशुमारी के लिए कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। 

वहीं बराला ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इस दौरे से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का बड़ा प्रभाव बढ़ेगा और देश की साख पूरे विश्व में बढ़ेगी। 

इसके साथ प्रदेश सरकार के बजट को लेकर प्रदेश अध्यक्ष बोले कि यह बजट अंतोदय वाला बजट है। यह प्रदेश के विकास, गरीब व प्रदेश की भलाई के लिए बनाया गया है। जहां तक विपक्ष द्वारा कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, तो यह विपक्ष का दायित्व भी है, अगर वह तथ्यों के साथ विधानसभा में इन मुद्दों को उठाते हैं, तो सरकार उन पर जरूर कार्रवाई करेगी। लेकिन विपक्ष केवल मीडिया की सुर्खियां बटोरने के लिए बयान बाजी करता है। अगर कानून व्यवस्था की बात की जाए तो पिछली सरकारों में राजनीतिक संरक्षण अपराध पनपता था।

Edited By

vinod kumar