कुक पिटाई प्रकरण: CM मनोहर लाल के साथ फोर्थ क्लास प्रधानों की बैठक रही बेनतीजा

6/14/2017 8:11:48 AM

चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरणी):मुख्यमंत्री निवास पर कुक अनूप से हुई कथित मारपीट मामले में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ फोर्थ क्लास प्रधानों की बैठक बेनतीजा रही। देर रात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नेताओं को मुख्यमंत्री से बातचीत का न्यौता मिला था। संकेत हैं कि यह बैठक दुबारा हो सकती है। कर्मचारियों का कहना है कि धरना लगातार जारी रखेंगे और मंत्रियों, अफसरों की कोठियों पर काम नहीं करेंंगे। कर्मचारी नेता सतपाल सरोहा ने बताया कि यह वार्त्ता विफल ही रही क्योंकि मुख्यमंत्री मनोहरलाल विवादित अधिकारी को अपनी कोठी से हटाने के लिए तैयार नहीं है | उन्होंने बताया कि हरियाणा के कर्मचारियों के समर्थन में पंजाब ,हिमाचल प्रदेश के कर्मचारी नेता भी आ गए हैं।

सरोहा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपना फैसला सुनाने के लिए आज (बुधवार) तक का समय मांगा है। उसने कहा कि अगर हरियाणा सरकार ने तुरंत सी.एम. निवास से विवादित अधिकारी को न हटाया तो यह आंदोलन उत्तर भारत में फैल जाएगा। सभी जगह धरने प्रदर्शन होंगे, जिसका जिम्मा मुख्यमंत्री का होगा।उन्होंने सवाल खड़ा किया की सरकारी कोठी में जब अधिकारी एक गरीब कर्मचारी से मारपीट करतें हैं तो सरकार व मुख्यमंत्री का यह दायित्व है कि मारपीट करने वाले के खिलाफ कार्रवाई तुरंत करवाएं,जब मुख्यमंत्री इस मामले में गोल-मोल रवैया रखें तो न्याय किससे मिलेगा।

उन्होंने कहा कि जिस मुख्यमंत्री के निवास पर हरियाणा की जनता फरियाद लेकर आती है, जब वहां काम करने वाले कुक की कोई सुनवाई नहीं है तो आम जनता की सुनवाई कहां होती होगी। उन्होंने कहा कि कुक ऑन ड्यूटी था। मुख्यमंत्री निवास में कुक की रक्षा व सुरक्षा का दायित्व सरकार का बनता है। सरकार खुद पहल करे व इस मामले में आपराधिक मामला दर्ज करवाए। सरोहा ने कहा कि अगर कुक अनूप पर कोई मिथ्या आरोप लगाने की चेष्टा की गई तो वह बर्दाश्त नहीं की जाएगा।