कुक पिटाई मामला: अफसर ने मानी गलती, हड़ताल खत्म कर काम पर लौटे कर्मी

6/16/2017 8:45:01 AM

चंडीगढ़:लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार गत दिवस मुख्यमंत्री निवास पर कुक अनूप के साथ हुए मारपीट मामले में समझौता हो गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया। मामले को शांत करवाने में एक आई.ए.एस. अफसर की भी अहम भूमिका रही है। बताया गया कि कुक के साथ मारपीट करने वाले मुख्यमंत्री के ए.डी.सी. रजनीश गर्ग ने भी अपनी गलती का एहसास किया। उधर, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नेताओं ने अब हड़ताल खत्म करने का ऐलान कर दिया, जिसके बाद कर्मचारी वापस काम पर लौट आए। मामले में 2 दिन पहले मुख्यमंत्री के साथ कर्मचारियों की वार्ता हुई थी, जिसमें उन्होंने बुधवार को अपना फैसला बताने को कहा था। लेकिन आखिरी समझौता गत दिवस सिरे चढ़ सका। 

गौरतलब है कि कुक अनूप के साथ मारपीट के विरोध में पिछले 6 दिनों से चतुर्थ श्रेणी हड़ताल पर चल रहे थे। मामले को सुलझाने के लिए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ पहले मुख्यमंत्री के पी.एस. राजेश खुल्लर के साथ वार्ता हुई थी, लेकिन किन्हीं कारणों से बात सिरे नहीं चढ़ सकी। इसके बाद मंगलवार देर शाम मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ भी कर्मचारियों की लंबी बातचीत हुई, लेकिन वीरवार को कर्मचारियों के पास मुख्यमंत्री का आश्वासन पहुंचा और दोनों पक्षों ने मिल बैठकर मामले को सुलझा लिया। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी एसोसिएशन के प्रधान तारा दत्त ने कहा कि अब मामला सुलझ गया है और सभी कर्मचारी अपने-अपने काम पर वापस चले गए हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए।