लोकसभा की 10 और विधानसभा की 66-70 सीटें जीतने का खाका तैयार

6/30/2018 10:04:35 PM

गुरूग्राम(सतीश): भारतीय जनता पार्टी की लोकसभा चुनाव देखरेख समिति की बैठक में आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनाव को ध्यान के रखकर रणनीति तैयार की गई है। भाजपा ने हरियाणा में लोकसभा की 10 और विधानसभा की 66-70 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। अपनी रणनीति को अमलीजामा पहनाने के लिए सभी जिलों के प्रभारी भी नियुक्त कर दिए गए हैं।

आज 5 घण्टे तक चली मैराथन बैठक में राष्ट्रीय महासचिव, प्रदेश प्रभारी एवं सांसद डॉ अनिल जैन ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल और लोकसभा चुनाव देखरेख समिति पदाधिकारियों के साथ चुनावों के मद्देनजर रणनीति तैयार की गई है। इसमें लोकसभा चुनाव में हरियाणा की सभी 10 लोकसभा और विधानसभा चुनाव में 66-70 विधानसभा सीट जीतने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि 8 जुलाई को फरीदाबाद में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक रखी गई है। 

डॉ जैन ने बताया कि समिति सदस्यों को जिला प्रभारी नियुक्त किया गया, ताकि जिलावार बेहतर योजना का खाका तैयार किया जा सके। इसमें भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला कैथल और पंचकूला, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुरेश भट्ट करनाल और सोनीपत, केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर पलवल और नूंह, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत रेवाड़ी, केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह हिसार, राष्ट्रीय सचिव सुधा यादव भिवानी और झज्जर, शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा गुरुग्राम, वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु जींद, स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज पानीपत, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ रोहतक, सांसद रतन लाल कटारिया यमुनानगर, प्रदेश महामंत्री संजय भाटिया फतेहाबाद और सिरसा, प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल अम्बाला और कुरुक्षेत्र, प्रदेश महामंत्री सन्दीप जोशी को फरीदाबाद, महेन्द्रगढ़ और चरखी दादरी जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि आगामी चुनाव में जीत की निरंतरता बरकरार रखने के लिए बूथ प्रबंधन को मजबूत करने पर जोर रहेगा, वहीं सोशल मीडिया पर भी कार्यकर्ता मजबूती से बात रखेंगे।

Shivam