कोरोना संक्रमित गृह मंत्री अनिल विज रोहतक PGI शिफ्ट, दूसरी रिपोर्ट भी आई पॉजिटिव

12/13/2020 9:03:41 AM

चंडीगढ़ (धरणी) : कोरोना की चपेट में आए हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को देर शाम अम्बाला छावनी सिविल अस्पताल से रोहतक पी.जी.आई. शिफ्ट कर दिया गया है। डाक्टरों के अनुसार उनके फेफड़े में आंशिक तौर पर संक्रमण है जिसके चलते अब पी.जी.आई. रोहतक के वरिष्ठ डॉक्टर उनके स्वास्थ्य पर निगरानी रखेंगे। विज की दूसरी कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। हालांकि सी.टी. लैबल में काफी सुधार हुआ है जो 14 से बढ़कर 21 तक पहुंच गया है।

गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज कोरोना संक्रमित पाए गए थे। कोविड की टैस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही मंत्री विज तुरंत प्रभाव से अम्बाला छावनी के सिविल अस्पताल में दाखिल हो गए थे। उनकी दूसरी रिपोर्ट पॉजिटिव आने और फेफड़े में संक्रमण आने के कारण स्थानीय डॉक्टरों ने उन्हें पी.जी.आई. रोहतक रैफर किया है। देर शाम करीब 8 बजे मंत्री विज एम्बूलैंस के जरिए अम्बाला से रोहतक पी.जी.आई. के लिए रवाना हो गए थे। वहीं फोन पर हुई बातचीत में मंत्री विज ने कहा कि वह ठीक महसूस कर रहे हैं लेकिन डॉक्टरों की सलाह के अनुसार उन्हें रोहतक पी.जी.आई. जाना पड़ रहा है।

Manisha rana