कोरोना का बढ़ा कहर, एक दिन में सर्वाधिक 617 केस

4/24/2021 9:28:38 AM

करनाल : जिले में कोरोना का कहर दिनों दिन बढ़ रहा है। महामारी रोजाना नए रिकॉर्ड कायम कर रही है। शुक्रवार को एक दिन में अब तक के सर्वाधिक 617 केस सामने आए। स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार 402 मरीज ठीक हुए। पहले से संक्रमित 4 मरीजों ने दम तोड़ दिया। निगम की टीम ने पूरी एहतियात के साथ बलडी गांव के श्मशान घाट में इनका अंतिम संस्कार किया। महमारी की खौफ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अप्रैल के 23 दिनों में 34 संक्रमित दम तोड़ चुके हैं। गत 3 दिन में 14 संक्रमित की जान चली गई है। पहली बार कोरोना के एक्टिव मरीजों का ग्राफ जिले में 4 हजार का आंकड़ा पार कर 4065 पर पहुंच गया है। शनिवार को मैडीकल कालेज की वी.आर.डी. लैब 4504 सैम्पल की रिपोर्ट जारी करेगी। इसमें गत 21 अप्रैल तक के सैम्पल शामिल हैं।   

जिलेभर में 2374 की जांच 
कोरोना के बढ़ते केसों के बीच लगातार सैम्पलिंग जारी है। शुक्रवार को जिलेभर से 2374 सैम्पल जुटाए गए। इनमें से 1814 की जांच के लिए आर.टी.पी.सी.आर. टैस्ट हुआ। जबकि 145 का एंटीजैन टैस्ट किया गया। सिविल अस्पताल करनाल में 270 ने अपने सैम्पल दिए। मैडीकल कालेज में 177 व्यक्तियों की जांच हुई। रेलवे स्टेशन पर 92 यात्रियों के नमूने लिए गए। मंगलौरा बॉर्डर पर कोविड-19 की जांच के लिए 100 सैम्पल जुटाए गए।  

27 विद्यार्थी व 11 टीचर संक्रमित 
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी कोरोना संक्रमितों की लिस्ट में 27 विद्यार्थी शामिल हैं। 11 टीचर भी महामारी से ग्रस्त हो चुके हैं। 5 डॉक्टर भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 2 चिकित्सक मैडीकल कालेज से हैं। जिला जेल के 6 कैदी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। सिटी थाने का एक हवालाती भी संक्रमित की लिस्ट में है। टिकरी कैलाश गांव में भी 6 नए केस सामने आए हैं। करनाल के कई घरों में 2 से अधिक केस मिले हैं। इनमें से अधिकतर मरीजों को होम आइसोलेट कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने इनके पास दवाइयों की किट पहुंचाई।  

50 वैंटीलेटर और खरीदे जाएंगे : डी.सी. 
डी.सी. ने बताया कि के.सी.जी.एम.सी. में अब तक 12 व्यक्ति वैंटीलेटर पर हैं। वैंटीलेटर 50 और खरीदे जा रहे हैं। इनकी संख्या बढ़कर 100 हो जाएगी। के.सी.जी.एम.सी. रैफरल अस्पताल है। इसमें करनाल, कैथल व यमुनानगर 3 जिलों से रोगी अपने उपचार के लिए आ सकते हैं।     

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Writer

Manisha rana