हरियाणा में कोरोना का कहर, 6 नए मामले सामने आए, अब 35 पॉजिटिव मरीज

4/2/2020 7:07:41 PM

चंडीगढ़(धरणी): हरियाणा में काेराेना वायरस का कहर बढ़ता जा रहा है, प्रदेश में वीरवार को 6 नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद कुल पॉजिटिव केस की संख्या 35 हो गई है। 35 पॉजिटिव केसों में से 10 मरीज गुरुग्राम, 4 मरीज पानीपत, 5 फरीदाबाद, 4 सिरसा, 2 हिसार, 2 पंचकूला, 3 अंबाला, 4 पलवल व एक मरीज सोनीपत के हैं।

13 ठीक होकर पहुंचे हैं घर
अभी तक गुरुग्राम से ही सबसे ज्यादा मरीज ठीक होकर घर पहुंचे हैं। यहां से 9 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं पानीपत से 2, फरीदाबाद, पलवल से 1-1 मरीज को छुट्टी दे दी गई है। 

पलवल में 12 के सैंपल लिए थे, 3 पॉजिटिव आए, 2 दोबारा मंगाए, 7 नेगेटिव
पलवल जिला प्रशासन ने 12 लोगों के सैंपल लिए थे, इनमें से 3 पॉजिटिव मिले, 7 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है जबकि 2 के सैंपल दोबारा मंगाए गए हैं। इन 12 लोगों में से 10 बांग्लादेशी हैं, जबकि दो उनके ट्रांसलेटर थे। इनके संपर्क में रहे 150 से अधिक लोगों की तलाश की जा रही है। 

इंस्पेक्टर विनोद कौशिक ने बताया कि पलवल के जिला अस्पताल में विदेशी नागरिकों को होने के बाद उनकी सुरक्षा के इंतजाम काफी कड़े कर दिए गए थे। यहां पर 24 घंटे 22 लोगों की ड्यूटी लगाई गई है। पलवल सिविल सर्जन ब्रह्मदीप सिंह ने बताया कि 12 लोगों के सैंपल पीजीआई में टेस्ट के लिए भिजवाए गए थे। बुधवार रात इनकी रिपोर्ट आ गई, 3 कोरोना संक्रमित मिले हैं।  

पीजीआई ने 2 लोगों के ब्लड सैंपल दोबारा मंगाए गए हैं। जबकि 7 लोगों में कोरोनावायरस की नेगेटिव होने की रिपोर्ट आई है। कोरोनावायरस को लेकर अपडेट में पलवल के एक निजी कॉलेज में 162 अन्य लोगों को आइसोलेशन पर रखा गया है। 

अम्बाला में मस्जिद के अंदर पुलिस ने कार्रवाई कर भेजा था अस्पताल के आइसोलेशन में
मंगलवार शाम को अम्बाला पुलिस ने शहर की अलग-अलग मस्जिदों में छापेमारी की थी। मस्जिदों में तब्लीगी जमात के दल डेरा डाले हुए थे। इनमें नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश के निवासी थे। 24 लोगों को क्वारैंटाइन कर दिया गया था। इनमें से नेपाल के दो और श्रीलंका के एक नागरिक में खांसी-जुकाम के लक्षण पाए जाने पर सिविल अस्पताल में आइसोलेट करके सैंपल लिए गए थे। इसके अलावा भी सैंपल लिए गए थे। अब नेपाल के रहने वाले 66 वर्षीय और महाराष्ट्र के  55 वर्षीय व्यक्ति में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। इनमें से महाराष्ट्र के व्यक्ति की हालत ज्यादा गंभीर बनी हुई है।  

रोहतक में 72 साल की महिला की किडनी खराब थी, उसे अब कोरोना भी
रोहतक की एक महिला को 10 मार्च को दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में किडनी खराब होने पर भर्ती करवाया गया था। उसका डायलेसिस चल रहा था। इस दौरान उसका कोरोना टेस्ट किया गया तो वह भी पॉजिटिव मिला है। यह रोहतक का पहला मामला है। 

Edited By

vinod kumar