निगम चुनाव: भाजपा चुनाव समिति की बैठक कल

11/25/2018 10:38:48 AM

चंडीगढ़(बंसल): हरियाणा के 5 नगर निगमों के चुनाव का बिगुल बजते ही प्रदेश के राजनीतिक दल तैयारियों को लेकर सक्रिय हो गए हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भाजपा की चुनावी तैयारियों पर विशेष नजर रखे हुए हैं। क्योंकि मुख्यमंत्री की स्वयं की प्रतिष्ठा भी इन चुनावों में दांव पर लगी है। भाजपा ने 26 नवम्बर को चंडीगढ़ में पार्टी की चुनाव समिति की बैठक बुलाई है। इसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष समेत सभी सदस्य निगम चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों और तैयारियों पर चर्चा करेंगे। 

भाजपा प्रवक्ता ने बताया कि रोहतक, पानीपत, करनाल, हिसार और यमुनानगर में नगर निगम चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति बनाने तथा अब तक की चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए सोमवार को सुबह 11 बजे चंडीगढ़ में भाजपा चुनाव समिति की बैठक बुलाई गई है। इसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, केंद्रीय मंत्री बीरेन्द्र सिंह भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा राव इंद्रजीत, कृष्णपाल गुर्जर, शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, वित्त मंत्री कै. अभिमन्यु, स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओम प्रकाश धनखड़, राष्ट्रीय महासचिव सुधा यादव, सांसद रतन लाल कटारिया, महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष निर्मल बैरागी, प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी और रोहतक, पानीपत, करनाल, हिसार व यमुनानगर के जिलाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी मौजूद रहेंगे। 

Deepak Paul