टैक्स वसूली के लिए आज से नोटिस भेजेगा निगम,160 करोड़ रिकवरी का लक्ष्य

4/2/2018 8:35:44 AM

फरीदाबाद(ब्यूरो): आर्थिक तंग से जूझ रहा नगर निगम टैक्स वसूली को लेकर आज से नोटिस भेजने की कवायद शुरु करेगा। ये नोटिस सर्वप्रथम उन युनिटों को भेजे जाएंगे। जिनकी जानकारी नगर निगम को बिजली विभाग की मदद से मिली है। निगम के खजाने को भरने के लिए निगमायुक्त ने टैक्स रिकवरी के लिए विशेष नीति बनाई है।

उम्मीद है कि इस नीति से डेढ़ सौ करोड़ से अधिक की रिकवरी कर सकेगा। इसके लिए विशेष टीम का गठन भी किया गया है। जोकि केवल टैक्स रिकवरी को लेकर लोगों को आने वाली परेशानियों का समाधान करेगी। इस संदर्भ में संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैंं। 

हर वर्ष टैक्स कलेक्शन के जो अनुमानित आंकड़े दिए जाते हैं उसके मुताबिक निगम के अधिकारी रिकवरी नहीं कर पाते। इसके पीछे प्रमुख कारण यह भी है कि निगम द्वारा वर्ष 2008 में ही टैक्स को लेकर यूनिटों का सर्वे किया गया था। इस सर्वे को 10 वर्ष हो चुके हैं और इन 10 वर्षों में युनिटों की संख्या कई गुणा बढ़ चुकी है। निगम के पास 1 लाख 14 हजार युनिटों का ही रिकॉर्ड था। जिसके चलते अनेक युनिटें ऐसी हैं जिनसे निगम टैक्स वसूल नहीं कर रहा है क्योंकि वे निगम के रिकॉर्ड में ही नहीं थी। 

निगमायुक्त मौहम्मद शाईन ने इसके लिए बिजली विभाग से मदद ली और मीटर कनेक्शनों के आधार पर युनिटों का नया डाटा तैयार किया है। जिसके अनुसार 5 लाख 40 हजार युनिटों की लिस्ट तैयार की गई। जिसमें से 1 लाख युनिटें स्लम क्षेत्र की थी। जिन्हें फिलहाल अभी लंबित रखा गया है। सूत्रों की मानें तो 1 लाख 14 हजार युनिटों से लगभग 30 करोड़ रुपए की राशि निगम द्वार वसूली जा रही थी। जबकि 4 लाख युनिटें निगम के रिकार्ड में ही नहीं थी जिससे निगम को हर वर्ष करोड़ों के राजस्व का चूना लग रहा है।
 

Rakhi Yadav