जेल में बनेगा कोर्ट रूम, हैलीकॉप्टर से आएंगे जज

8/27/2017 10:33:25 AM

रोहतक:राम रहीम की सजा को लेकर कल फैसला सुनाया जाएगा। सुरक्षा को देखते हुए रोहतक की सुनारियां जेल में ही सी.बी.आई. कोर्ट लगाई जाएगी, जिसके चलते हैलीकॉप्टर से ही  को जेल में लाया जाएगा। जेल प्रशासन ने जेल में अस्थायी तौर पर कोर्ट रूम बनाए जाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। ऐसी भी चर्चा है कि राम रहीम को सजा शायद वीडियो कांफ्रैंसिंग के जरिए भी सुनाई जा सकती है। 

उच्च न्यायालय ने हरियाणा सरकार को निर्देश दिया है कि वह सी.बी.आई. अदालत के न्यायाधीश जगदीप सिंह और उनके 2 कर्मचारी सदस्यों की रोहतक के लिए सोमवार को हवाई यात्रा की व्यवस्था करे। हरियाणा पुलिस ने शनिवार को कहा था कि हिरासत में रखे गए धर्मगुरु को सजा की सुनवाई के लिए पंचकूला नहीं लाया जाएगा। यह कदम डेरा प्रमुख पर दुष्कर्म के दो मामलों में आरोप साबित होने के बाद डेरा समर्थकों द्वारा  की गई बड़े पैमाने पर हिंसा के बाद उठाया गया है।

सी.बी.आई. अदालत के न्यायाधीश जगदीप सिंह ने डेरा प्रमुख द्वारा दो महिला अनुयायियों के साथ दुष्कर्म मामले में दोषी ठहराते हुए कहा कि 50 वर्षीय धर्मगुरु को 28 अगस्त को सजा सुनाई जाएगी। राम रहीम को हरियाणा सरकार द्वारा शुक्रवार शाम को हेलीकॉप्टर से रोहतक ले जाया गया। उसे रोहतक से 10 किलोमीटर दूर स्थित सुनारिया जेल में रखा गया है।