चरखी दादरी में गौभक्तों ने किया प्रदर्शन, गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग की

3/10/2024 3:26:43 PM

चरखी दादरी (पुनीत) : गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के लिए गौभक्तों ने आज बाढ़ड़ा में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। इस दौरान विभिन्न संगठनों के लोगों के साथ मिलकर गौरक्षा दल हरियाणा के चरखी दादरी जिला अध्यक्ष रविंद्र कुमार व प्रवेश बॉक्सर की अगुवाई में कस्बे में पैदल मार्च किया और बाढ़ड़ा के मुख्य क्रांतिकारी चौक पर एकत्रित होकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे गौभक्तों ने सरकार से मांग की है कि शीघ्र गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिया जाए।

बता दें कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गौरक्षा दल के पदाधिकारी व सदस्य आज लोहारू रोड़ पर श्रीबाला जी मंदिर के सामने एकत्रित हुए। उसके बाद जिला अध्यक्ष रविंद्र बाढ़ड़ा व प्रवेश बॉक्सर की अगुवाई में नेशनल हाइवे 334 बी पर से कस्बे में पैदल मार्च करते हुए मुख्य क्रांतिकारी चौक पहुंचे। जहां उन्होंने नारेबाजी कर गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग बुलंद की। इस दौरान विभिन्न संगठनों के लोग भी प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान गौरक्षा दल के जिला अध्यक्ष रविंद्र कुमार, प्रवेश बॉक्सर, आर्य समाज बाढ़ड़ा के महामंत्री कुलदीप शास्त्री, जिला पार्षद प्रतिनिधि सुभाष लाडावास, युवा जनहित ट्रस्ट के उपाध्यक्ष मोहित फौगाट, पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि संदीप सांगवान, व्यापार मंडल बाढ़ड़ा के पूर्व अध्यक्ष बलजीत हंसावास आदि ने कहा कि गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की काफी समय से मांग उठती आ रही है लेकिन अभी तक इस मांग को पूरा नहीं किया गया है। जिसके चलते प्रदर्शन के माध्यम से इस मांग को पुरजोर ढंग से उठाया गया है। 

गाय भारत का प्राणी नहीं प्राण है

उन्होंने कहा कि गाय भारत का प्राणी नहीं बल्कि प्राण है। गाय हमारी संस्कृति, समृद्धि व जीवन का आधार है। इसलिए बिना किसी देरी के सरकार को गाय को राष्ट्रमाता घोषित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा नहीं दिया जाता है और गायों को काटना बंद नहीं किया जाएगा, तब तक गौभक्तों का संघर्ष जारी रहेगा।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)
 

Content Writer

Manisha rana