यूपी पुलिस से मुठभेड़ में गौ तस्कर की मौत

3/17/2020 12:08:40 PM

हथीन (ब्यूरो): हथीन उपमंडल के गांव उटावड के गौ तस्करों से उत्तर प्रदेश पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ दिल्ली-मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर दौताना गांव के कट के पास हुई। मुठभेड़ में एक गौ तस्कर की मौत हो गई जबकि 2 घायल हो गए। जबकि वहीं उत्तर प्रदेश के दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पुलिस ने उटावड़ निवासी दो गौ तस्करों को गिरफ्तार भी कर लिया है। 

सूत्रों के मुताबिक उटावड़ के गौ तस्कर गिरोह के सदस्य अपने साथी कंसाली गांंव निवासी गिरोह के सदस्यों के साथ एक पिकअप गाड़ी में गौ तस्करी के लिए गए थे। बीती रात्रि को लगभग ढाई बजे उक्त गौ तस्कर पिकअप में गायों को भरकर उटावड़ आ रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर दौताना गांव के निकट केडी चौकी के पास उत्तर प्रदेश पुलिस नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। पिकअप को आता देख पुलिस ने उसे रूकने का इशारा किया तो आरोप है कि गौ तस्करों ने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। गौ तस्करों की फायरिंग का जवाब पुलिस ने भी फायरिंग करके दिया। बताया जाता है कि इस जवाबी गोलीबारी के दौरान तीन गौ तस्करों को गोली लग गई। जिसमें एक गौ तस्कर की मृत्यु हो गई जबकि दो घायल हो गए। दोनों घायल तस्करों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने उटावड़ गांव के दो तस्करों इरफान पुत्र हिम्मत, सादिक पुत्र शेर खां को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि खाईका निवासी हनीफ मौके से फरार हो गया। वहीं नगीना थाना के गांव कंसाली निवासी अफसर पुत्र सलीम की इलाज के दौरान मौत हो गयी। 

मौके पर पुलिस ने एक राजस्थान की रजिस्ट्रेशन वाली मैक्स पिकअप गाड़ी और हथियार बरामद किए हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस के मुताबिक बरामद गौवंश को कान्हा पशु गौशाला में रखा गया है। वहीं एक बछड़े की मौत हो गई है। उक्त प्रकरण की सूचना जैसे ही हथीन उपमंडल के गांव उटावड़ में पहुंची तो गौ तस्कर गिरोह के लोगों में हड़कंप मच गया। उटावड़ गांव के लोग जो कि गौ तस्कर गिरोह के परिवारजन हैंं मथुरा के लिए चले गए हैं। मथुरा के एसपी प्रवीण ग्रोवर एवं आईजी सतीश गणेश भी मौके पर पहुंचे। हरियाणा पुलिस ने भी उक्त घटनाक्रम के बारे में जानकारी ली है। इस बारे में उटावड़ थाना प्रभारी अब्बास खान का कहना है कि उक्त घटना के बारे में पता तो चल गया है। परंतु घटनास्थल उत्तर प्रदेश में है, वहां की पुलिस ही इस मामले की तफ्तीश कर रही है। उत्तर प्रदेश पुलिस यदि कोई मदद मांगेगी तो मदद दी जाएगी।

Isha