तस्करों के हौसले बुलंद, गौ रक्षक दल के सदस्य को मारी गोली

5/13/2018 11:18:31 AM

पानीपत(अनिल कुमार): हरियाणा और उत्तरप्रदेश के बॉर्डर से सटे बापौली क्षेत्र में गौ तस्करों के हौसले इतने बुलंद है कि वे किसी की जान लेने से भी नहीं कतराते। उन्हें न तो अपनी जान की परवाह है और न ही पुलिस प्रशासन का डर। रात को इस क्षेत्र में गौ तस्कर सक्रीय हो जाते है और ऐसी वारदातों को अंजाम देते हैं। ताजा मामला देर रात 2 बजे का है जब गौतस्करों का विरोध करने पर गौरक्षा दल के सदस्य कुलबीर को देशी कट्टे से गोली मार दी। 

बेखौफ गौतस्कर देर रात पानीपत के बापौली क्षेत्र में गौ तस्करी के लिए घूम रहे थे। जहां से वे गाय को उठाने की फ़िराक में थे इसी बीच गौरक्षा दल के सदस्य कुलबीर मौके पर पहुंचे और उनका विरोध किया। जिसके चलते गौ तस्करों ने देशी कट्टे से उस पर हमला कर दिया और गोली कुलबीर की गर्दन के पास लगी। जिसके बाद गौ तस्कर बेखौफ होकर वहां से फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए पानीपत के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। 

गौ रक्षा दल के हरियाणा उपाध्यक्ष आजाद सिंह का कहना है कि इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं होती रहती है। यह सब पुलिस की मिलीभगत से ही हो रहा है। बार-बार गौरक्षक, गौतस्करों का शिकार होते हैं लेकिन पुलिस प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठा रहता है। आखिर कब तक गौरक्षक, गौ तस्करों के हाथों शिकार होते रहेंगे। 

वहीं पानीपत निजी अस्पताल के डॉक्टर पंकज मुटनेजा का कहना है कि मरीज की हालत गंभीर है। फ़िलहाल पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 


 

Nisha Bhardwaj