जींद में व्यक्ति ने मां व बेटे का किया अपहरण, UP ले जाकर महिला से किया दुष्कर्म, 3 के खिलाफ केस दर्ज

1/12/2024 11:44:40 AM

जींद : शहर की एक कॉलोनी से महिला व उसके 2 वर्षीय बेटे का 3 लोगों द्वारा अपहरण करके यमुना पार उत्तर प्रदेश की सीमा में ले जाकर दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। 

मूल रूप से जनपद के एक गांव निवासी 23 वर्षीय महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह हाल में थाना शहर जींद क्षेत्र की एक कॉलोनी में रह रही है। फेसबुक के माध्यम से उसकी कैथल जिले के गांव पाई निवासी कृष्ण से दोस्ती हो गई थी। इसके बाद उन्होंने आपस में मोबाइल नम्बरों का आदान-प्रदान किया तथा दोनों के बीच फोन पर बातें होने लगी। युवक उससे मिलने के लिए घर पर भी आता था। गत शुक्रवार को रात का खाना खाने के बाद वह अपने मकान में सो रही थी कि देर रात अचानक कृष्ण 2 अन्य दोस्तों के साथ उसके घर में घुस गया। तीनों ने मिलकर उसका तथा उसके 2 साल के बेटे का अपहरण कर लिया तथा आरोपी उन्हें यमुना पार उत्तर के एरिया में ले गए। वहां पर एक कोठरे में बंधक बनाकर रखा गया।

पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। 2 दिनों तक आरोपी उसके साथ छेड़छाड़ करते रहे। जब वह विरोध करती थी तो आरोपी उसे व उसके बेटे को जान से मारने की धमकी देते थे। 2 दिनों के बाद वह किसी तरह से मौका पाकर बेटे को साथ लेकर आरोपियों के चंगुल से भाग निकली। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी कृष्ण को नामजद करके तथा उसके 2 अन्य दोस्तों के खिलाफ मामला दर्ज करके पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी है।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana