पक्की यारी के चलते पुलिस पर फायरिंग कर हिस्ट्रीशीटर कैदी को भगाया, अब गिरफ्तार हुए तो खुला राज

10/29/2018 9:19:22 PM

फरीदाबाद(अनिल राठी): फरीदाबाद के सिविल अस्पताल में एक हिस्ट्रीशीटर कैदी को मेडिकल के लिए पुलिस लाई थी। इस दौरान ही कुछ बदमाश पुलिस पर ताबड़तोड़ सरेआम गोलियां बरसाकर कैदी को पुलिस की गिरफ्त से भगा ले गए थे। अब इस वारदात में शामिल सात लोगों को पुलिस ने धर दबोचा है। जिसके बाद इन आरोपियों ने कैदी को भगाकर ले जाने की वजह पक्की यारी होनी बताई है। इन आरोपियों में सबसे खूंखार माने जाने वाले आरोपी प्रदीप को पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लाई है। हालांकि इनके साथ फरार हुआ कैदी अभी तक पकड़ में नहीं आया है।



फरीदाबाद क्राईम ब्रांच डीसीपी लोकेन्द्र सिंह ने इस पूरे मामले की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने हरियाणा के कुख्यात मंजीत महल गैंगस्टर के करीबी विकास दलाल को फरीदाबाद में पुलिस की गिरफ्त से भगाने में भूमिका निभाई थी। विकास को कुछ समय पहले ही दिल्ली की तिहाड़ जेल से फरीदाबाद शिफ्ट किया गया था। लेकिन यहां विकास दांत दर्द का बहाना कर जिला अस्पताल पहुंचा और वहां अपने साथियों की मदद से फरार होने में कामयाब रहा। इस दौरान विकास का साथ दे रहे बदमाशों ने फायरिंग भी की थी जिसमें एक शख्स घायल हो गया था।



 पुलिस के मुताबिक, विकास को भगाने की साजिश पलवल के छपरौला गांव के संदीप ने रची थी। संदीप कई सालों तक विकास के साथ जेल में बंद था इसी दौरान उसकी विकास से पक्की यारी हो गई थी। जेल से भागने का विकास का मकसद अपने गांव रेवाड़ी खेड़ा के ही सेवा राम को मारना था, क्योंकि विकास सेवाराम के भाई  का पहले ही मर्डर कर चुका था, जिसमें सेवाराम मुख्य गवाह है। वह सेवा राम को मार कर अपने खिलाफ गवाह खत्म करना चाहता था। इसी मकसद से उसेउसने कुछ दिन पहले भी सेवाराम पर जानलेवा हमला कराया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 कार एक मोटरसाइकिल के अलावा 5 तमंचे और 10 राउंड बरामद किए हैं। 

बदमाशों के बुलंद हौंसले, पुलिस पर फायरिंग कर कैदी को छुड़ाकर भागे, घटना सीसीटीवी में कैद (VIDEO)

विकास को भगाने में मुख्य साजिशकर्ता संदीप ने बताया कि उसकी संदीप से 10 सालों से दोस्ती है और इसी के चलते उसने विकास को भगाने की साजिश रची। संदीप ने बताया के विकास को भगाने में शामिल लोगों को इस काम के एवज में पैसे भी दिए गए हैं।

Shivam