फसल खरीद के लिए थोपी जा रही शर्तों से किसानों पर छाया संकट: शैलजा

4/12/2020 9:13:44 AM

चंडीगढ़ : हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कु. शैलजा ने फसल खरीद को लेकर हरियाणा की भाजपा-जजपा सरकार पर किसानों को प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी और लॉकडाऊन में सरकार द्वारा फसल खरीद को लेकर लिए गए गलत फैसलों ने किसानों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। सरकार द्वारा फसल खरीद में देरी और फसल खरीद के लिए थोपी जा रही शर्तों से किसानों पर घोर संकट छा गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा फसल खरीद में देरी के चलते किसानों के सामने फसल के भंडारण और फसल का भुगतान देरी से मिलने की समस्या आकर खड़ी हो गई है। वहीं सरकार द्वारा फसल खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन की शर्त थोपने जैसे फैसले भी किसानों की मुसीबतें बढ़ा रहे हैं। इसी कारण प्रदेश का किसान हताश और निराश होकर अपनी फसलों को औने पौने दामों पर बेच रहा है।  

Edited By

Manisha rana