कुरुक्षेत्र में SYL नहर किनारे दिखा मगरमच्छ, पशुओं को लेकर घर भागे लोग... इलाके में दहशत का माहौल
punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2026 - 02:35 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (रणदीप) : कुरुक्षेत्र में सतलुज-यमुना लिंक (SYL) नहर में मगरमच्छों की मौजूदगी से इलाके में डर का माहौल है। आज सुबह करीब 8 बजे दबखेड़ी गांव के पुल के पास 10 से 12 फुट लंबा मगरमच्छ नहर किनारे देखा गया। आस-पास के गांव में जैसे ही इसकी खबर लगी, लोग घबरा गए। जिन लोगों ने नहर के आसपास अपने पशुओं को बांधा हुआ था, वे तुरंत अपने पशुओं को लेकर घर आ गए। लोगों ने इसकी सूचना वाइल्ड लाइफ टीम और गोताखोर प्रगट सिंह तक पहुंचाई। हालांकि कुछ दिन पहले भी इस मगरमच्छ को नहर के अंदर देखा गया था। अब दोबारा इसके नहर के बाहर आने से लोग डरे हुए हैं।
राहगीरों ने भेजी वीडियो
सुबह के समय दबखेड़ी पुल के नजदीक SYL नहर किनारे मगरमच्छ दिखा। गांव के लोग और राहगीरों ने दूर से उसकी फोटो और वीडियो बनाई। जैसे ही खबर फैली लोग नहर से दूर हो गए। सूचना मिली तो विभाग ने भी अलर्ट जारी कर दिया गया। चेतावनी दी गई कि नहर के किनारे न जाएं। विभाग मगरमच्छ को रेस्क्यू करने का प्लान बना रहा है।
पिछले हफ्ते ज्योतिसर में दिखा बड़ा मगरमच्छ
पिछले हफ्ते ज्योतिसर गांव के पास SYL नहर में करीब 14 फुट लंबा बड़ा मगरमच्छ दिखा था। राहगीरों की नजर उस पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत वीडियो बनाकर गोताखोर प्रगट सिंह को भेज दिया। प्रगट सिंह मौके पर पहुंचे, लेकिन मगरमच्छ कुछ ही देर में नहर में उतर गया। इन दोनों घटनाओं से इलाके में दहशत है। लोगों का नहर किनारे पशु चराना, मछली पकड़ना और गुजरना जोखिम भरा हो गया है। खासकर लोग अपने बच्चों को लेकर डरे हुए हैं। नहर में 2 बड़े मगरमच्छ होने से लोगों ने उनको पकड़ने की गुहार लगाई है। विभाग और गोताखोर की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन करने की तैयारी कर रही हैं।
जाल बांधने की चल रही तैयारी
प्रगट सिंह ने बताया कि इतने बड़े मगरमच्छ को बिना प्लानिंग के पकड़ना खतरनाक है। इसलिए पहले नहर में जाल बांधने पड़ेंगे। जाल लगाते समय भी बहुत सावधानी बरतनी होगी, क्योंकि पानी में मगरमच्छ अचानक हमला कर सकता है। अगले हफ्ते तक दोनों तरफ जाल बांधकर रेस्क्यू किया जाएगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)