पुलिसकर्मियों पर गोलियां चलाकर कैदी को छुड़ा ले गए बदमाश

5/29/2019 7:52:49 AM

करनाल: बलड़ी बाईपास पर बने नए बस स्टैंड पर 3 बदमाशों ने पुलिस कर्मचारियों की आखों पर मिर्ची का स्प्रे कर गोलियां चला दी। गोलीबारी में बदमाश हत्या के मामले में पेशी पर आए विचाराधीन कैदी को छुड़वाकर फरार हो गए। हालांकि इस दौरान पुलिस कर्मचारियों ने बदमाशों से एक पिस्टल छीन ली। बदमाशों द्वारा कैदी को लेकर फरार होने की सूचना लगते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एस.पी. सुरेंद्र सिंह भौरिया दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। चारों तरफ पुलिस की नाकाबंदी कर दी। 

उधर हरियाणा पुलिस ने सभी आरोपियों के बारे में सूचना देने वाले को 1 लाख रुपए के ईनाम की घोषणा की है। यमुनानगर पुलिस के 3 कर्मचारी आरोपी सुनील उर्फ खीरा को हत्या के एक मामले में करनाल कोर्ट में पेशी के लिए लाए थे। पेशी के बाद करीब 12 बजे एस.आई. सुरेश, कांस्टेबल संदीप व हैड कांस्टेबल विनोद नए बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक 3 बदमाशों ने पुलिसकर्मियों की आंखों पर मिर्ची के स्प्रे के साथ गोलियां चला दी और आरोपी सुनील को छुड़वाकर फरार हो गए।
 
पुलिस की ओर से भी फायरिंग की गई। पुलिस कर्मचारियों ने बदमाशों व आरोपी सुनील को पकडऩे के काफी प्रयास किए। बदमाशों से एक पिस्टल भी छीन लिया लेकिन सभी बदमाश सुनील को लेकर भाग गए। बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में एस.आई. सुरेश को एक व कांस्टेबल संदीप को 2 गोलियां लगी। घायल अवस्था में दोनों पुलिस कर्मचारियों को ट्रामा सैंटर में भर्ती करवाया गया।

जहां से उन्हें कल्पना चावला राजकीय मैडीकल कालेज में रैफर कर दिया। घटना की सूचना लगते ही आई.जी. करनाल रेंज घायलों का हालचाल जानने पहुंचे। आई.जी. व एस.पी. सुरेंद्र सिंह भौरिया ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। 

kamal