हरियाणा: पूर्व विधायकों की पैंशन पर हो रहे हैं करोड़ों रुपए खर्च, जानिए किसे मिल रहा कितना वेतन

11/1/2019 12:39:19 PM

डेस्क(धरणी): प्रदेश में पूर्व विधायकों की मासिक पैंशन पर हर वर्ष 22.93 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। यह खुलासा एक आर.टी.आई. के जवाब में हुआ है।  आर.टी.आई. कार्यकत्र्ता पी.पी. कपूर ने गत 8 अक्तूबर को पूर्व विधायकों की पैंशन की राशि जानने के लिए हरियाणा विधानसभा में आर.टी.आई. लगाई थी। इस संबंध में विधानसभा सचिवालय के राज्य जन सूचना अधिकारी एवं सीनियर विधि अधिकारी शोभित शर्मा ने 30 अक्तूबर को पत्र के माध्यम से जो सूचना भेजी है उससे खुलासा हुआ कि राज्य के कुल 262 पूर्व विधायकों की मासिक पैंशन पर प्रति वर्ष लगभग 22.93 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। 

कपूर ने बताया कि गत 5 वर्षों में पूर्व विधायकों की मासिक पैंशन में 200 प्रतिशत से ज्यादा तक की वृद्धि की गई है। जहां 5 वर्ष पहले इनकी न्यूनतम मासिक पैंशन 20,250 रुपए प्रति माह थी वहीं अब यह न्यूनतम मासिक पैंशन 51,750 रुपए हो चुकी है। 161 पूर्व विधायकों को 51,750 रुपए मासिक पैंशन दी जा रही है जबकि 39 पूर्व विधायकों को 90,543 रुपए प्रति माह पैंशन मिल रही है। 
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला को हर माह 2.22 लाख रुपए पैंशन बतौर पूर्व विधायक दी जा रही है। अजय चौटाला को 51,750 रुपए पैंशन मिल रही है। 


पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल की विधवा जसमा देवी को डबल पैंशन मिल रही है। खुद पूर्व विधायक होने के नाते जसमा देवी को 51,750 रुपए प्रतिमाह तथा पूर्व मुख्यमंत्री की विधवा होने के नाते 99,619 रुपए प्रतिमाह पारिवारिक पैंशन मिल रही है। पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल को प्रतिमाह 90,563 रुपए पैंशन मिल रही है। इसके अलावा सर्वाधिक मासिक पैंशन 2.38 लाख रुपए रेवाड़ी के पूर्व विधायक कैप्टन अजय सिंह यादव ले रहे हैं। पैंशन धारकों में पूर्व विधायक चंद्रावती 2,22,525 रुपए, प्रो. सम्पत सिंह 2,14,763 रुपए, ऐलनाबाद के पूर्व विधायक भागीराम 1,91,475 रुपए, शमशेर सिंह सुर्जेवाला 1,75,950 रुपए, अशोक अरोड़ा 1,60,425 रुपए, हरमोहिन्द्र सिंह च_ा 1,60,425 रुपए, चंद्रमोहन बिश्नोई 1,52,663 रुपए, धर्मवीर गाबा 1,52,663 रुपए, खुर्शीद अहमद 1,52,663 रुपए, फूलचंद मुलाना 1,68,188 रुपए, मांगेराम गुप्ता 1,68,188 रुपए, शकुंतला भगवाडिय़ा 1,68,188 रुपए, बलबीरपाल शाह 2,07,000 रुपए, सतबीर कादियान 1,29,375 रुपए, स्वामी अग्निवेश 51,750 रुपए, शारदा रानी 1,37,138 रुपए, देवीदास सोनीपत 1,21,613 रुपए, दिल्लू राम कैथल 1,13,850 रुपए, कमला वर्मा 1,13,850 रुपए, कंवल सिंह (हिसार) 1,21,613 रुपए, निर्मल सिंह (अम्बाला) 1,52,663 रुपए, मोहम्मद इलियादस 1,37,138 रुपए प्रति माह पैंशन ले रहे हैं। कुल 262 पूर्व विधायकों को पैंशन दी जा रही है। 

कपूर के अनुसार पारिवारिक पैंशन योजना के तहत कुल दिवंगत 129 पूर्व विधायकों की पत्नियों पर कुल 3.15 करोड़ रुपए वाॢषक खर्च किया जा रहा है। 5 वर्षों में इस पारिवारिक पैंशन में 200 प्रतिशत वृद्धि की गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल की विधवा जसमा देवी 99,619 रुपए, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा की माता हरदेवी विधवा रणवीर हुड्डा 23,288 रुपए, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा की माता शारदा रानी विधवा पं. चिरंजीलाल 34,931 रुपए, प्रभात शोभा पंडित विधवा प्रभात शेर सिंह 51,750 रुपए, पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल की पुत्रवधू किरण चौधरी विधवा सुरेन्द्र सिंह 12,937 रुपए मासिक पैंशन ले रही हैं। 5 वर्ष पूर्व विधायकों की विधवाओं की न्यूनतम मासिक पारिवारिक पैंशन 6,750 रुपए प्रति माह थी। इसे अब न्यूनतम 12,937 रुपए किया जा चुका है।    

Isha