कांग्रेस के पक्ष में उमड़ा जनसैलाब : रणदीप सुरजेवाला ने सुधा भारद्वाज के समर्थन में कीं जोरदार चुनावी जनसभाएं

punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 07:50 PM (IST)

पंचकूला : पंचकूला नगर निगम चुनाव अब पूरी तरह चुनावी रंग में रंग चुका है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सभी राजनीतिक दलों के प्रत्याशी जनता के बीच पहुंचकर समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं। इसी क्रम में कांग्रेस की मेयर पद प्रत्याशी श्रीमती सुधा भारद्वाज के समर्थन में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पंचकूला के विभिन्न इलाकों में जोरदार चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया।

जनसभाओं में कांग्रेस के समर्थन में भारी जनसैलाब उमड़ता दिखाई दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने कांग्रेस के प्रति अपना विश्वास व्यक्त करते हुए बदलाव का संकल्प लिया। इस दौरान रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का कार्य कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाकर सत्ता हासिल करने की राजनीति करती है।

अपने संबोधन में सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। विकास, रोजगार, सफाई व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं और जनकल्याण के मुद्दों पर सरकार की नाकामी अब जनता के सामने स्पष्ट हो चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का असली मॉडल “वोट चोरी करो और जनादेश पर कब्जा करो” बन चुका है।

उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए जागरूक और सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने कहा, “भाजपा की नीयत और मंशा साफ नहीं है। इनका उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना है, जबकि कांग्रेस जनता की सेवा और शहर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।”

रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी सुधा भारद्वाज ईमानदार, जनहितैषी और संघर्षशील नेतृत्व का प्रतीक हैं तथा उनके नेतृत्व में पंचकूला को बेहतर विकास, पारदर्शी प्रशासन और जनसुविधाओं से युक्त नगर बनाया जाएगा। उन्होंने पंचकूला की जनता से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने तथा मेयर पद पर सुधा भारद्वाज को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)           


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static