सी.आर.पी.एफ. जवानों को पोर्टल पर कोड डालते ही मिलेगा रिजर्वेशन

7/18/2018 8:20:25 AM

अम्बाला(जतिन्द्र): जवानों को ट्रेन में रिजर्वेशन करवाने के लिए अब टिकट विंडो के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। आई.आर.सी.टी.सी. ने सी. आर.पी.एफ. के जवानों की सुविधा के लिए नया पोर्टल तैयार 
किया है। 

इस पोर्टल के जरिए जवान देश के किसी भी कोने से अपनी यात्रा के लिए ट्रेन का कंफर्म टिकट बुक करा सकेंगे। नई व्यवस्था के तहत जवानों को पेपर वारंट की जरूरत नहीं होगी। दिल्ली में सी.आर.पी.एफ. के महानिदेशक और आई. आर.सी.टी.सी. के मैनेजिंग डायरैक्टर ने एक एम.ओ.यू. पर हस्ताक्षर कर इस सेवा का आरंभ किया है। इस सुविधा से लाखों जवानों को लाभ मिलेगा। 

अधिकारिक तौर पर दी गई इस जानकारी के अनुसार सी.आर.पी.एफ . जवानों की पोस्टिंग दूरदराज व दुर्गम स्थानों पर होती है व जवानों की छुट्टियां एकदम आखिरी वक्त में स्वीकृति होती है ऐसे में जवानों के पास इतना समय नहीं होता कि वह रेलवे टिकटिंग विंडो से अपनी टिकट बुक करा सके। लेकिन इस सुविधा के आरंभ होने से जवानों की मुश्किलें खत्म हो जाएंगी। जवान अब अपनी यात्रा की पूर्व योजना तैयार कर आई.आर.सी.टी.सी. के नए पोर्टल से अपना टिकट अपनी पोस्टिंग प्वाइंट से करा सकेंगे। 

टिकट बुक कराने के लिए सी.आर.पी.एफ . अपने जवानों को एक कोड देगा आई.आर.सी.टी.सी. के पोर्टल से टिकट बुक करवाते समय जवान को यह कोड दर्ज करवाना होगा। इसके बाद उनका नि.शुल्क टिकट तैयार हो जाएगा। इससे जवानों को टिकट के लिए घंटों तक लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। 
 

Rakhi Yadav