क्रूरता की हदें पार: 30,000 रुपए के लिए इंसान से पशुओं जैसा व्यवहार

7/22/2018 11:02:48 AM

कैथल(सुखविंद्र): पूंडरी में क्रूरता की सभी हदें पार करते हुए 5 लोगों ने एक व्यक्ति के साथ 30,000 रुपए के लिए जानवरों से भी बुरा व्यवहार किया। पैसे नहीं देने पर 5 आरोपियों ने कुलदीप सिंह (28) निवासी वार्ड नं. 4 पूंडरी का शुक्रवार रात्रि करीब 9 बजे अपहरण कर लिया और उसे पूंडरी स्थित एक मकान में ले गए। जहां पर आरोपियों ने कुलदीप को पशुओं को बांधने वाले बाड़े में ले जाकर पैर में लोहे की बेल बांधकर उसे खुरली के कड़े में लपेटकर ताला लगा दिया। इसके बाद आरोपियों ने कुलदीप पर गंडासी व बिंडों की बरसात कर दी। सूचना मिलते ही मां सुलोचना देवी मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने पीड़ित की मां के कानों से सोने की बालियां व गले से सोने की चेन भी झपट ली। 

पूंडरी चौकी के सब-इंस्पेक्टर बलवान सिंह ने ताला तोड़कर अपहृत व्यक्ति कुलदीप सिंह को छुड़ाया और घायल कुलदीप व उसकी मां सुलोचना को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। कुलदीप  ने हमले का आरोप गौरव पंडित, गौला, बिक्का, तुती व मास्टर के लड़के पर लगाया है। फिलहाल पूंडरी पुलिस ने कुलदीप की पत्नी प्रमिला की शिकायत पर गौरव पंडित पर मामला दर्ज कर जांच कर रही है। एस.पी. आस्था मोदी ने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Deepak Paul