सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भव्य परेड ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में भरा देशभक्ति का रंग

punjabkesari.in Saturday, Aug 15, 2026 - 03:47 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को भव्य और आकर्षक बना दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में देश की विविध सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रभक्ति की भावना का सुंदर समावेश देखने को मिला।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

PunjabKesari

 

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में प्रणवानन्दा इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-92 के विद्यार्थियों ने ‘वंदे मातरम्’ पर विशेष प्रस्तुति देकर माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अर्जुन नगर के विद्यार्थियों ने कृष्ण लीला की मनमोहक प्रस्तुति दी। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जैकबपुरा की छात्राओं ने पंजाबी नृत्य तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-4/7 के विद्यार्थियों ने राजस्थानी नृत्य प्रस्तुत कर देश की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता की झलक दिखाई।

 

PunjabKesari

 

इसी क्रम में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सुशांत लोक सेक्टर-43 के छात्र-छात्राओं ने हरियाणवी नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर हरियाणवी लोक संस्कृति और परंपरा को जीवंत किया। वहीं ब्लू बेल्स स्कूल, सेक्टर-4 के विद्यार्थियों ने नारी सशक्तिकरण पर आधारित विशेष प्रस्तुति के माध्यम से समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका और उनके सम्मान का संदेश दिया। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत लेजर एवं डंबल शो ने भी दर्शकों का विशेष आकर्षण प्राप्त किया। जिसमें हरियाणवी नृत्य को प्रथम, राजस्थानी नृत्य को द्वितीय तथा नारी सशक्तिकरण पर आधारित विशेष प्रस्तुति को तीसरा स्थान मिला।

 

PunjabKesari

 

समारोह में अनुशासन, शौर्य और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत सात टुकड़ियों ने भव्य परेड में हिस्सा लिया। परेड का नेतृत्व एसीपी अभिलक्ष जोशी ने किया। परेड में गुरुग्राम पुलिस, गुरुग्राम महिला पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी सीनियर बॉयज डीएसडी कॉलेज तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जैकबपुरा के स्टूडेंट पुलिस कैडेट तथा प्रजातंत्र के प्रहरी की टुकड़ियां शामिल रहीं। जिसमें ट्रैफिक पुलिस को प्रथम, गुरुग्राम महिला पुलिस बल की टुकड़ी को द्वितीय तथा प्रजातंत्र के प्रहरी टुकड़ी को तीसरा स्थान मिला।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static