चुनावी रंजिश : गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला हांसी, मौजूदा सरपंच के बेटे ने पूर्व सरपंच के बेटे को मारी गोली

3/8/2023 8:01:16 PM

हांसी (संदीप सैनी) : जिले के गांव कंवारी उस वक्त हड़कंप मच गया जब पूर्व सरपंच के बेटे को मौजूदा सरपंच के बेटे ने गोली मार दी। फायरिंग करने के बाद हमलावर बाइक से भाग निकले। घायल युवक को हिसार के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। घटना के बाद से गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।  घायल युवक की पहचान करण के रूप में हुई है। उसके परिजनों ने गांव के मौजूदा सरपंच संजय दूहन के बेटे पर गोली मारने के आरोप लगाए हैं।

गांव के पूर्व सरपंच महावीर सिंह का बेटा 27 वर्षीय करण अपने घर के बाहर खड़ा था। परिजनों का आरोप है कि बाइक पर सरपंच संजय दूहन का बेटा पुनीत आया। उसके साथ एक अन्य युवक भी था। पुनीत ने आते ही रिवाल्वर से करण पर 6 फायर किए। इसमें से 3 गोलियां उसके शरीर पर लगी। हमले के बाद आरोपी भाग गए।  वहीं करण को हिसार के निजी अस्पताल में लाया गया, जहां उसका ऑपरेशन किया जा रहा है।

दोनों परिवारों में पुराने टाइम से चुनावी रंजिश चली आ रही है। करीब एक साल पहले भी दोनों परिवारों में गांव में एक शादी समारोह के दौरान किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। बता दें 6 साल पहले हांसी के साथ लगे गांव शेखपुरा में फाग के दिन तिहरे हत्याकांड से दहल उठा था।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)      

Content Writer

Gourav Chouhan