हरियाणा में साइबर अपराध का ग्राफ बढ़ा: 2 साल में रिकॉर्ड 166.5% का उछाल... NCRB रिपोर्ट में खुलासा
punjabkesari.in Friday, Jun 26, 2026 - 02:17 PM (IST)
डेस्क: राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की नवीनतम रिपोर्ट-2024 ने हरियाणा में तेजी से पैर पसार रहे डिजिटल अपराधों को लेकर एक चिंताजनक तस्वीर पेश की है। रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य में पिछले दो वर्षों के भीतर साइबर अपराध के मामलों में लगभग 166.5 फीसदी की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जहां एक तरफ इंटरनेट की पहुंच गांव-गांव तक बढ़ी है, वहीं दूसरी तरफ साइबर ठगों ने भी लोगों को अपना निशाना बनाना तेज कर दिया है।
दो साल में तीन गुना के करीब पहुंचे आंकड़े
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की रिपोर्ट-2024 के अनुसार 2022 में साइबर अपराध के 681 मामले दर्ज हुए थे, जो 2023 में बढ़कर 751 और 2024 में 1815 तक पहुंच गए। इस तरह 2022 की तुलना में 2024 में मामलों में लगभग 166.5 फीसदी वृद्धि हुई। 2024 में राज्य की अनुमानित जनसंख्या 306.9 लाख रही और प्रति लाख आबादी पर साइबर अपराध दर 5.9 दर्ज की गई। इन मामलों में आरोप पत्र दाखिल करने की दर 55.6 फीसदी रही है। रिपोर्ट के अनुसार डिजिटल लेनदेन, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया धोखाधड़ी, बढ़ती इंटरनेट पहुंच, तकनीकी दुरुपयोग और साइबर सुरक्षा जागरूकता की कमी हरियाणा में साइबर अपराध बढ़ने के प्रमुख कारण रहे।